मंगलनाथ मार्ग स्थित मौनतीर्थ पीठ आश्रम में चैत्र नवरात्र से कन्या उपचार महापूजा अभियान की शुरुआत होगी। इसके अंतर्गत निर्धन, असहाय व दिव्यांग बालिकाओं का निशुल्क उपचार कराया जाएगा। खास बात यह है कि यह अभियान दुर्गा पूजा से शुरू होकर निरंतर जारी रहेगा। उपचार के लिए आश्रम में पंजीयन की शुरुआत हो गई है। जरूरतमंद परिवार यहां अपनी बच्ची के उपचार हेतु पंजीयन करा सकते हैं।
मौनतीर्थ पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर स्वामी सुमनानंद गिरी महाराज ने बताया नवरात्र में कन्या पूजन की परंपरा है। भक्त देवी दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना करते हुए कन्या पूजन करने उन्हें भोजन कराकर वस्त्र आदि भेंट करते हैं। देवी का पंचोपचार व षोड्षोपचार पूजन भी किया जाता है।
आमतौर पर साधक, अराधक व जनसामान्य देवी के पूजन की यही विधि अपनाते हैं। लेकिन ब्रह्मर्षि मौनी बाबा की दिव्य दृष्टि से मौनतीर्थ पीठ आश्रम कन्या सेवा के लिए कन्या उपचार महापूजा के रूप में अनूठे अभियान की शुरुआत करने जा रहा है। इसके अंतर्गत निर्धन व जरूरतमंद परिवार की बच्चियों का निशुल्क उपचार किया जाएगा। अगर चिकित्सक बच्चियों की दिव्यांगता के उपचार के लिए ऑपरेशन की सलाह देंगे, तो आश्रम परिवार उनके निशुल्क ऑपरेशन भी कराएगा।
चैत्र शुक्ल प्रतिपदा 9 अप्रैल से नवरात्र का शुभारंभ होगा। इस दिन से कन्या उपचार महापूजा की शुरुआत होगी। उपचार के लिए बच्चियों के पंजीयन की शुरुआत हो गई है। निर्धन व जरूरतमंद व्यक्ति अपनी बच्ची के उपचार के लिए पंजीयन करा सकते हैं। आश्रम के नंबर पर फोन करके भी पंजीयन कराया जा सकता है।