मजबूत ग्लोबल संकेतों के चलते घरेलू शेयर बाजार में आज यानी सोमवार (6 मार्च 23) को तेजी देखने को मिल रही है। सेंसेक्स 500 से ज्यादा अंक बढ़कर 60,300 के स्तर पार ट्रेड कर रहा है। निफ्टी भी 160 अंक से ज्यादा चढ़ा है। ये 17750 के पार पहुंच गया है। बाजार की तेजी में IT सेक्टर सबसे आगे हैं। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 28 में तेजी और केवल 2 में गिरावट है।
अडाणी एंटरप्राइजेज 10% चढ़ा
अडाणी ग्रुप के सभी 10 शेयरों में आज भी तेजी है। फ्लैगशिप कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर करीब 10% चढ़कर 2000 रुपए के पार निकल गया है। पोर्ट भी 2.5% बढ़ा है। वहीं पावर, ट्रांसमिशन, ग्रीन एनर्जी, टोटल गैस, विल्मर और NDTV में 5% की तेजी है। ग्रुप की सीमेंट कंपनी ACC के शेयर में 1% और अंबुजा में 1.5% से ज्यादा की तेजी है।
अमेरिकी बाजारों में भी तेजी
शुक्रवार के अमेरिकी बाजारों में भी तेजी देखने को मिली थी। डाउ जोन्स में 387.4 अंकों या 1.17% की तेजी रही और यह 33,390.97 के लेवल पर बंद हुआ। S&P 500 इंडेक्स 64.29 अंक या 1.61% बढ़कर 4,045.64 के लेवल पर बंद हुआ। नैस्डैक कंपोजिट में 226 अंकों या 1.97% बढ़त रही और यह 11,689.01 के लेवल पर बंद हुआ।
शुक्रवार को 900 अंक चढ़ा था सेंसेक्स
भारतीय शेयर बाजार में हफ्ते के पांचवें और आखिरी कारोबारी दिन, यानी शुक्रवार (3 मार्च 23) को तेजी देखने को मिली थी। सेंसेक्स करीब 900 अंक बढ़कर 59,808 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी में भी 272 अंक की तेजी रही। यह 17,594 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 25 शेयरों में तेजी और सिर्फ 5 शेयरों में गिरावट रही थी।
FII और DII की खरीदारी
शुक्रवार के कारोबार में फॉरेन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स यानी FII नेट बायर्स रहे। NSE पर उपलब्ध प्रोविजनल डेटा के अनुसार 3 मार्च को FII ने बाजार में 246.24 करोड़ रुपए की खरीदारी की। वहीं इस दौरान डोमेस्टिक इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (DII) भी नेट बायर्स रहे। उन्होंने 2089.92 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे।