अडाणी ग्रुप ने 2.15 अरब डॉलर के मार्जिन लिंक्ड शेयर बैक्ड फाइनेंसिंग (स्टॉक के बदले लिया गया पैसा) का पेमेंट कर दिया है। समूह ने इसका भुगतान करने के लिए 31 मार्च 2023 तक का समय लिया था, लेकिन समय से पहले ही भुगतान कर दिया गया। ग्रुप ने हाल ही में ऐसे कई कदम उठाए हैं जिससे इन्वेस्टर्स का भरोसा जीता जा सके।
अंबुजा के अधिग्रहण से जुड़ा भी भुगतान किया
अडाणी ग्रुप ने बताया कि उसने अंबुजा सीमेंट अधिग्रहण के लिए जो 500 मिलियन डॉलर की आर्थिक मदद ली थी, उसका भी भुगतान कर दिया है। अडाणी ग्रुप ने पिछले साल सितंबर में अंबुजा सीमेंट और ACC में होल्सिम ग्रुप की पूरी हिस्सेदारी खरीद ली थी। यह सौदा अडानी ग्रुप ने 10.5 अरब डॉलर में किया था। होल्सिम ने अंबुजा सीमेंट में अपनी 63.19% और ACC में 54.53% हिस्सेदारी बेची थी।
कर्ज चुकाकर निवेशकों का भरोसा जीतने की कोशिश
निवेशकों का भरोसा फिर से हासिल करने के लिए ग्रुप अब लगातार कर्ज को कम कर रहा है। दरअसल, 24 जनवरी को अमेरिकी शॉर्ट सेलर हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट आने के बाद से अडाणी ग्रुप के शेयरों में काफी गिरावट आई है। हिंडनबर्ग ने अडाणी ग्रुप की कंपनियों पर स्टॉक मैनिपुलेशन और अकाउंटिंग फ्रॉड का आरोप लगाया था।
अडाणी ग्रुप ने 7374 करोड़ रुपए का शेयर-बैक्ड लोन चुकाया
अडाणी ग्रुप ने 7374 करोड़ रुपए का शेयर-बैक्ड लोन समय से पहले चुका दिया है। मंगलवार को ग्रुप ने इसकी जानकारी दी थी। अडाणी ग्रुप अपनी क्रेडिट प्रोफाइल से जुड़ी चिंताओं को कम कर निवेशकों का भरोसा फिर से जीतने की कोशिश कर रहा है।
ग्रुप ने कहा, अडाणी एंटरप्राइजेज के प्रमोटर 3.1 करोड़ शेयर या 4% हिस्सेदारी रिलीज करेंगे, जबकि अडाणी पोर्ट्स के प्रमोटर 15.5 करोड़ शेयर या 11.8% हिस्सेदारी रिलीज करेंगे। अडाणी ग्रीन एनर्जी और अडाणी ट्रांसमिशन के प्रमोटर 1.2% और 4.5% हिस्सेदारी रिलीज करेंगे। इससे पहले फरवरी में ग्रुप ने 1.11 अरब डॉलर का लोन प्री-पेड किया था।
शुक्रवार को अडाणी ग्रुप के 10 में से 5 शेयरों में गिरावट
10 मार्च को अडाणी ग्रुप के 10 में से 5 शेयरों में तेजी देखने को मिली। अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 3% से ज्यादा टूटा। NDTV 5.00%, अडाणी विल्मर 4.93%, अंबुजा सीमेंट 1.74% और ACC 0.81% गिरा। अडाणी पोर्ट्स में 0.25% की तेजी रही। अडाणी ट्रांसमिशन, पावर, टोटल गैस और ग्रीन एनर्जी के शेयरों में 5-5% की तेजी देखने को मिली।