अप्रैल में शनि, राहु और केतु ग्रह करेंगे राशि परिवर्तन, जानिये क्‍या होगा असर

0

पंचांगीय गणना तथा ग्रह गोचर के सिद्धांत से देखें तो अप्रैल माह में तीन बड़े ग्रह शनि, राहु व केतु राशि परिवर्तन करेंगे। ग्रहों का राशि परिवर्तन आम जनमानस के जीवन में बड़ा बदलाव लाएगा। भारतीय ज्योतिष शास्त्र के अनुसार नव ग्रहों में शनि, राहु व केतु प्रभावी ग्रहों की श्रेणी में आते हैं। इनके राशि परिवर्तन करने से संसार की गति व परिस्थितियों में निश्चित रूप से बड़ा परिवर्तन आएगा।

ज्योतिषाचार्य पं.अमर डब्बावाला के अनुसार 12 अप्रैल को हमेशा वक्र गति से चलने वाले राहु केतु एक साथ राशि परिवर्तन करने वाले हैं। वर्तमान में राहु वृषभ तथा केतु वृश्चिक राशि में गोचरस्थ हैं। 12 अप्रैल को दिन में 12.20 बजे राहु वृषभ राशि को छोड़कर मेष राशि में प्रवेश करेंगे। वहीं केतु वृश्चिक राशि को छोड़कर तुला राशि में जाएंगे। पं.डब्बावाला ने बताया अलग-अलग राशि में ग्रहों के अलग-अलग प्रभाव होते हैं।

मेष राशि में राहु का परिभ्रमण 18 माह का रहेगा। मेष राशि का स्वामी मंगल है और नैसर्गिक दृष्टिकोण से राहु व मंगल की शत्रुता रहती है। ऐसी स्थिति में डेढ़ साल तक शासन, प्रशासन तथा राजनीति में उठापटक की स्थिति निर्मित होगी। वहीं भूमि, भवन तथा निर्माण कार्य में उपयोग होने वाली वस्तुओं के दामों में वृद्धि के योग बनेंगे। तापमान में वृद्धि होगी तथा प्राकृतिक परिवर्तन भी देखने को मिलेंगे।

केतु का तुला राशि में ऐसा रहेगा प्रभाव

तुला राशि में केतु का परिभ्रमण भी 18 माह का रहेगा। तुला राशि के स्वामी शुक्र हैं, शुक्र की राशि में केतु का परिभ्रमण अच्छा माना जाता है। क्योंकि नैसर्गिक तौर पर शुक्र व केतु मित्र ग्रह हैं। इस लिहाज से केतु का राशि परिवर्तन कला, संस्कृति, इतिहास आदि क्षेत्र में प्रगति का बोध कराएगा। फिल्म निर्माण, नाट्यकला आदि में अच्छे अवसर प्राप्त होंगे। इन विद्याओं से जुड़े लोगों को फायदा होगा।

29 अप्रैल को शनि कुंभ राशि में प्रवेश करेंगे

ऊर्जा के कारक ग्रह माने जाने वाले शनि 29 अप्रैल को मकर राशि छोड़कर कुंभ राशि में प्रवेश करेंगे। कुंभ राशि का यह प्रवेश काल 29 अप्रैल से 12 जुलाई तक रहेगा। 12 जुलाई को शनि पुन: वक्री होंगे और मकर राशि पर गोचर करेंगे, यह समय 23 अक्टूबर तक रहेगा। लोगों के लिए यह समय सावधानी बरतने का है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here