अमेरिका में रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र (CDC) ने कहा है कि कोरोना का टीका लगा चुके लोग भी सार्वजनिक जगहों पर मास्क लगाएं। CDC के निदेशक डॉ रोशेल वालेंस्की ने कहा कि अमेरिकियों को उन क्षेत्रों में मास्क लगाना फिर शुरू करना चाहिए, जहां पिछले सात दिन में प्रति 1,00,000 लोगों पर 50 से अधिक नए मरीज मिले हैं।
CDC ने कहा कि उन क्षेत्रों में भी मास्क लगाना चाहिए, जहां 8% से ज्यादा टेस्ट पॉजिटिव मिल रहे हैं। इस तरह की स्थिति फ्लोरिडा, मिसौरी, अर्कांसस और लुइसियाना जैसे राज्यों में है। स्वास्थ्य अधिकारियों को स्थानीय स्थिति देखकर अन्य पाबंदियां भी लगाना चाहिए। दरअसल, कोरोना की बिगड़ती स्थिति देखने के बाद राष्ट्रपति जो बाइडेन ने मास्क को लेकर CDC को नई गाइडलाइंस जारी करने के निर्देश दिए थे। वहीं बाइडेन प्रशासन ने अपने कर्मचारियों के लिए टीका अनिवार्य कर दिया है। कर्मचारियों से टीका प्रमाण पत्र मांगा है।
जापान: टोक्यो में पहली बार सर्वाधिक नए मरीज
जापान के टोक्यो में पहली बार मंगलवार को सबसे ज्यादा 3,177 नए कोरोना मरीज मिले हैं। टोक्यो में पहली बार 3,000 से ज्यादा नए मरीज भी मिले हैं। इससे पहले सबसे ज्यादा 2,848 मरीज सोमवार को मिले थे।
जर्मनी: आधी आबादी ने टीके की दोनों डोज ली
जर्मनी की आधी से ज्यादा आबादी का पूर्ण कोरोना टीकाकरण हो चुका है। जर्मनी के स्वास्थ्य मंत्री जेंस स्पाहन ने बताया कि जर्मनी में 4.18 करोड़ लोगों को कोरोना टीके की दोनों खुराक दी जा चुकी है। जबकि 61.1% आबादी ने कम से कम एक खुराक ली है।