अमेरिका से बड़ी खबर आ रही है कि यहां अश्वेत नागरिक की हत्या के मामले में पुलिसकर्मी को दोषी पाया गया है। 46 साल के जॉर्ज फ्लॉयड को पिछले साल 25 मई को सिगरेट के पैकेट के लिए 20 डॉलर के नकली नोट चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद पुलिस ने उसे जमीन पर पटक दिया था। पुलिसकर्मी उसके गले पर पैर रखकर बैठ गया था। फ्लॉयड सांस नहीं ले पा रहा था। यह पुलिसकर्मी डेरेक चॉविन था, जिसने अपने घुटने से फ्लॉयड का गला दबा रखा था। दम घुटने से फ्लॉयड की मौत हो गई। इसके बाद अमेरिका दो धड़ों में बंट गया। पूरे देश में प्रदर्शन हुए। दबाव बढ़ा तो डेरेक को गिरफ्तार किया गया और कोर्ट केस चला। अब 6 श्वेत और 6 अश्वेत जजों की ज्यूरी ने करीब 10 घंटों के विचार-विमर्श के बाद डेरेक को सभी मामलों में दोषी ठहराया है।
अभी सजा का ऐलान नहीं हुआ है। माना जा रहा है कि दोषी पुलिसकर्मी को कई सालों की सजा हो सकती है। फैसला सुनाने वाले जजों के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। कोर्ट के इस फैसले के बाद अमेरिका में कई लोगों ने खुशी मनाई। वहीं कई सांसदों ने भी इसे न्याय की जीत बताया। डेरेक की जमानत रद्द हो गई है और दोषी ठहराए जाते ही उसको हथड़की पहनाकर ले जाया गया है।