शहर में गर्मी ने फिर से यू टर्न लिया है और अधिकतम तापमान 44.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। बुधवार को दबे पांव गर्मी आ गई। दिन में लू जैसे हालात रहे। गर्म हवा के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल कर दिया। ग्वालियर प्रदेश में छठा सबसे गर्म शहर रहा है। पहले नंबर पर भिंड का गोहद रहा है। गोहद में 46 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड हुआ। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में तापमान बढ़ने के आसार जताए हैं। दिन में गर्म हवा चलेगी। साथ ही हल्के बादल भी छा सकते हैं।
दक्षिण राजस्थान में चक्रवातीय घेरा बना हुआ है। इस घेरे के कारण हवा का रुख दक्षिण पश्चिमी हो गया है, जिससे राजस्थान से गर्म हवा आना शुरू हो गई है। अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हो गई। आसमान साफ रहने से सूरज ने भी अपना पूरा जोर दिखाया। दोपहर में गर्म हवा के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल कर दिया। सूर्य अस्त के बाद भी गर्म हवा का आना जारी रहा। अधिकतम तापमान सामान्य से 2.4 डिसे अधिक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 1.1 डिसे अधिक रहा। हवा में नमी भी सामान्य से नीचे जा चुकी है। इस कारण हवा भी गर्म हो गई है।
मानसून भी बढ़ रहा, तेजी से अंडमान के पास आयाः
-मानसून से भी अच्छी खबर है। इस बार तेज गति से मानसून आगे बढ़ रहा है। बुधवार को यह अंडमान निकोबार द्वीप समूह के पास आ चुका है। मानसून के आगे बढ़ने की आदर्श स्थिति है। यदि इसी गति से मानसून आगे बढ़ता है तो ग्वालियर-चंबल संभाग में 22 से 26 जून के बीच मानसून पहुंच सकता है। मई के अंत से शहर में मानसून पूर्व की हलचल शुरू हो जाएंगी। आंधी व बारिश का दौर चलेगा।
-मार्च से लेकर अब तक ग्वालियर में बारिश नहीं हुई है। गर्मियों की बारिश सामान्य से काफी कम है। मानसून पूर्व की हलचल होने पर गर्मी से राहत मिलेगी। जून में मानसून पूर्व की हलचल में तेजी आएगी।
तापमान की स्थितिः
-अधिकतम तापमान-44.7 डिसे
-न्यूनतम तापमान 28.1 डिसे