तालिबान का नया फरमान:अब अफगानिस्तान में यूनिवर्सिटी की पढ़ाई नहीं कर सकेंगी महिलाएं

0

तालिबान ने अफगानिस्तान में लड़कियों की यूनिवर्सिटी की पढ़ाई पर पूरी तरह बैन लगा दिया है। तालिबान के हायर एजुकेशन मिनिस्टर नेदा मोहम्मद नदीम ने सभी सरकारी और प्राइवेट यूनिवर्सिटीज को एक लेटर लिखा है। इसमें कहा गया है कि अगला नोटिस जारी किए जाने तक यह नियम लागू रहेगा।

इस फैसले को लेकर संयुक्त राष्ट्र (UN) ने चिंता जताई है। सेक्रेटरी जनरल एंटोनियो गुटेरेस ने बुधवार को कहा कि ये लड़कियों और महिलाओं के मानव अधिकारों का हनन है। वहीं, अमेरिका के सेक्रेटरी ऑफ स्टेट एंटनी ब्लिंकन ने कहा कि तालिबान को इंटरनेशनल कम्युनिटी का मेंबर नहीं माना जा सकता।

पढ़ाई कर रही छात्राओं में आक्रोश
BBC से बातचीत में अफगानिस्तान की यूनिवर्सिटी में पढ़ाई करने वाली एक छात्रा ने कहा- तालिबान ने उस एकमात्र पुल को नष्ट कर दिया, जो मुझे मेरे भविष्य से जोड़ता था। मुझे भरोसा है कि मैं पढ़ाई कर अपनी जिंदगी बदल सकती हूं, लेकिन तालिबान ने मेरी उम्मीदें तोड़ दीं।

तालिबान ने पहले भी लड़कियों की पढ़ाई छुड़वाई
बता दें कि तालिबान ने अफगानिस्तान पर कब्जा करने के बाद लड़कियों की शिक्षा पर एक बयान जारी किया था। इसमें कहा गया था कि लड़कों के स्कूल में लड़कियां नहीं पढ़ सकेंगी। उन्हें केवल महिला टीचर या बूढ़े पुरुष ही पढ़ा सकते हैं। तालिबान ने स्कूल में लड़के और लड़कियों के एक साथ बैठने पर भी पाबंदी लगा दी थी। उनकी सेकेंडरी स्कूल की पढ़ाई पर भी बैन लगा दिया गया था।

3 महीने पहले ही महिलाओं ने दिए थे एग्जाम
तालिबान ने 3 महीने पहले ही महिलाओं को यूनिवर्सिटी के एंट्रेंस एग्जाम में बैठने की इजाजत दी थी। हजारों युवतियों और महिलाओं ने अफगानिस्तान के कई राज्यों में एग्जाम दिए थे। हालांकि, यूनिवर्सिटी में विषयों के चयन को लेकर तालिबान ने प्रतिबंध लगाए थे। महिलाएं इंजीनियरिंग, इकोनॉमिक्स, साइंस और एग्रीकल्चर जैसे विषय नहीं पढ़ सकती थीं।

तालिबान को आतंकी संगठन माना जाता है
इंटरनेशनल कम्युनिटी में तालिबान को आतंकी संगठन माना जाता है। दुनिया के कई देश इसे सरकार का दर्जा नहीं देते हैं। तालिबान ने देश में इस्लामी कानून लागू किया हुआ है। महिलाओं पर हिजाब पहनने; पार्क, जिम और स्विमिंग पूल जैसी जगहों पर न जाने जैसे प्रतिबंध लगाए हुए हैं। अब वह लड़कियों की शिक्षा को बैन करना चाहता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here