नपा के हड़ताली कर्मचारियों को जारी किया गया सेवा समाप्ति का नोटिस

0

वर्षों से लंबित अपनी विभिन्न मांगे पूरी ना होने से नगर पालिका के सफाई कर्मचारी नपा प्रशासन से खासा नाराज हैं। जहां समय पर वेतन, मानदेय न मिलने, सामाजिक सुरक्षा, बीमा, पेंशन आदि का लाभ ना दिए जाने सहित वर्षों से लंबित मांगे आवेदन निवेदन पर भी पूरी ना होने के चलते नपा के सफाई कर्मचारियों ने 25 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है ।जो 4 दिन बीतने के बाद भी जारी है। जहां हड़ताली कर्मचारियों ने मांग पूरी ना होने तक उनकी यहां अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रखने की चेतावनी दी है। तो उधर कर्मचारियों की हड़ताल के चलते नगर की सफाई व्यवस्था बिगड़ गई है। वही स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 के कार्यों में भी नगर पालिका को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।जिस पर अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए नगर पालिका परिषद बालाघाट द्वारा सभी हड़ताली कर्मचारियों को सेवा समाप्ति के नोटिस जारी किए गए हैं। जारी किए गए इस नोटिस में नगर पालिका द्वारा 25 अगस्त से जारी इस अनिश्चितकालीन हड़ताल को समाप्त कर, तत्काल कार्य पर लौटने का अनुरोध हड़ताली कर्मचारी उसे किया गया है। जहां नोटिस मिलते ही कार्य पर ना लौटने वाले कर्मचारियों की सेवा समाप्त किए जाने की चेतावनी दी गई है। उधर नपा से नोटिस मिलने के बाद हड़ताली कर्मचारियों ने नगर पालिका के इस नोटिस का खुला विरोध किया है ।जिन्होंने मांग पूरी ना होने तक उनकी यहां हड़ताल जारी रखने की बात कहते हुए, सेवा समाप्ति का नोटिस मिलने पर नोटिस की होली जलाने और विभिन्न संगठनों के साथ सड़कों पर उतरकर आंदोलन किए जाने की चेतावनी दी है। बहरहाल नगर की चरमराई हुई सफ़ाई व्यवस्था को सुधारने के लिए नगर पालिका द्वारा हड़ताली कर्मचारियों को जारी किया गया यहा नोटिस कितना असर दिखाता है, यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा। लेकिन हड़ताली कर्मचारियों को नोटिस मिलने से कर्मचारियों में खास रोज देखा जा रहा है। जिन्होंने सोमवार को हड़ताल स्थल पर एक बैठक का आयोजन कर आंदोलन करने की रणनीति बनाई है। तो वही सेवा समाप्ति के नोटिस जारी होने पर उन नोटिसो की सामुहिक होली जलाकर सड़कों पर उतरकर आंदोलन किए जाने की चेतावनी दी है ।

कम पर वापस नहीं लौटे तो होगी सेवा समाप्त
नगर पालिका द्वारा हड़ताली कर्मचारियों को जारी किए गए इस नोटिस में स्पष्ट तौर पर उल्लेख किया गया है कि आप कर्मचारियों द्वारा 25 अगस्त से कार्यालय प्रांगण के बाहर अनिश्चितकालीन हडताल की जा रही है।जबकि अप्रैल -2023 में विनियमित / स्थाई कर्मी को नियमित किये जाने की मांग को लेकर मध्यप्रदेश शासन नगरीय आवास एवं विकास विभाग को पत्र भेजा गया है जहां से कोई निर्देश प्राप्त नही हुये है । आपकी मांग है कि विनियमित कर्मचारीयो को प्रतिमाह 05 तारीख तक वेतन मिलना चाहिए, इस संबंध यह ज्ञात हो कि नगरपालिका परिषद बालाघाट में शासन से प्राप्त चुगीक्षति पूर्ति से ही वेतन भुगतान किया जाता है।बालाघाट नगरपालिका में आदर्श कार्मिक संरचना से अधिक कर्मचारी होने से स्थापना व्यय अधिक है।जिसके लिए निकाय स्तर पर सेवा से पृथक करने की कार्यवाही की जा रही है।
वहीं कर्मचारियों को पृथक पृथक तौर पर जारी किए गए इस नोटिस में इस बात का भी उल्लेख किया गया है कि आपको सूचित किया जाता है, कि आप तत्काल अपने कर्तव्यों पर उपस्थित हो वर्तमान में भारत का स्वच्छता सर्वेक्षण-2023 जारी है, एवं निकाय स्तर पर सिटीजन फीडबैक की प्रगति लगभग बंद हो गई है।आपके हडताल पर जाने से पूरे शहर में गंदगी हो रही है।आपके द्वारा स्वयं हडताल पर जाने के बाद नगरपालिका द्वारा अन्य वैकपिक व्यवस्था को आपके द्वारा भंग किया जा रहा है।अन्य कर्मचारीयों और बाहरी व्यवस्था के लिए कर्मचारीयों को कार्य नहीं करने दिया जा रहा है आपके उक्त कृत्य मध्यप्रदेश नगरपालिका अधिनियम -1961, मध्यप्रदेश नगरपालिका सेवा भर्ती तथा शर्ते नियम – 1968 के नियम औऱ मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचारण नियम के साथ साथ स्थाई कर्मी कदाचार नियम-4 की कंडिका (3) में विहित प्रावधानों एवं श्रम नियम कानुनो में विहित नियमों एवं प्रावधानों विपरीत है -इसलिए आपके उक्त अवैधानिक कृत्यों के लिए मध्यप्रदेश नगरपालिका अधिनियम-1961, मध्यप्रदेश नगरपालिका सेवा भर्ती तथा शर्ते नियम-1968 के नियम एवं मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचारण नियम के साथ साथ स्थाई कर्मी कदाचार नियम-4 की कंडिका (3) में उल्लेखित नियमों के तहत् एक माह का वेतन अग्रिम में भुगतान कर सेवा समाप्ति की कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी।जिसकी संपूर्ण जवाबदेही आपकी स्वयं की होगी।सोमवार 28 अगस्त को मुख्य नगर पालिका अधिकारी निशांत श्रीवास्तव द्वारा जारी किए गए इस नोटिस में इस बात का भी स्पष्ट उल्लेख कर दिया गया है की सेवा समाप्ति की कार्यवाही के उपरांत, इस संबंध में भविष्य में कोई आवेदन/ न्यायालयीन वाद / विवाद स्वीकार नही किया जावेगा ।

इन मांगों को लेकर कर्मचारी कर रहे अनिश्चितकालीन हड़ताल
वर्षों से लंबित अपनी 11 सूत्रीय मांगो को लेकर नगर पालिका के नियमित, विनियमित,मस्टर रोल श्रमिक, संविदा कर्मी और निर्धारित मानदेय कर्मचारी द्वारा 25 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी गई है। जहां नगर पालिका के ठीक सामने पिछले चार दिनों से जारी इस हड़ताल में करीब 700 कर्मचारी शामिल हैं। जिनके द्वारा मांगे पूरी ना होने तक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर डटे रहने की चेतावनी की गई है। वही सेवा समाप्ति के नोटिस मिलने पर उन नोटिसों की सामूहिक रूप से होली जलाकर, विभिन्न संगठनों के साथ सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन किए जाने की चेतावनी दी गई है। आपको बताएं कि हड़ताली कर्मचारियो द्वारा नपा में कार्यरत कर्मचारियों को वर्तमान कलेक्टर दर लागू किए जाने, अकुशल कर्मचारी जिनकी सेवाऐं 10 वर्ष हो चुके है उनका कुशल कर्मचारी में संविलियन किए जाने, जिन दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों की सेवाऐं 10 वर्ष एवं 20 से अधिक हो चुकी हो उन्हें भत्ता देने,नियमित कर्मचारियों की तरह ही पूरे माह ( 30 दिन) का वेतन देने,म.प्र. शासन के कर्मचारियों के अनुसार ही दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को रविवार का अवकाश देने, हड़ताल में उपस्थित कर्मचारियों की वेतन ना काटा जाने, नियमित कर्मचारियों की तरह ही माह की 10 तारीख तक वेतन दिए जाने, अवकाश का वेतन काटकर माह के वेतन में मिलाने, कर्मचारी जो वाहन चालक का कार्य कर रहे हैं लेकिन श्रमिक के पद पर है उनका पदनाम श्रमिक से हटाकर वाहन चालक करने,दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी को विनियमित किए जाने और शासन के आदेश प्राप्त होते ही विनियमित श्रमिकों को नियमित किया जाने सहित वर्षों से लंबित अन्य मांगों को लेकर पिछले 4 दिनों से नपा कर्मचारियों द्वारा अनिश्चितकालीन हड़ताल की जा रही है।

हम हड़ताल पर बैठे हैं और वह जश्न मना रहे हैं- कविता मलिक
इस पूरे मामले को लेकर की गई चर्चा के दौरान हड़ताली कर्मचारी श्रीमती कविता मलिक ने बताया कि हम अपनी जायज मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे हैं। आज तक नगर पालिका अध्यक्ष या विधायक गौरी शंकर बिसेन हमसे पूछने नहीं आए कि आप लोग हड़ताल क्यों कर रहे हो। ना ही उन्होंने अपना कोई प्रतिनिधि पहुंचा है कि हम उन्हें अपनी समस्या बता सके। अभी विधायक गौरीशंकर बिसेन कैबिनेट मंत्री बन गए हैं हम अपनी मांगों को लेकर इधर हड़ताल पर बैठे हैं और उधर वे जश्न मना रहे हैं यह हमारे साथ अन्याय है।

ट्रिपल इंजन की सरकार को किसने रोका है- कारो लिल्हारे
वही मामले को लेकर की गई चर्चा के दौरान नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष योगराज उर्फ कारो लिल्हारे ने बताया कि सफाई कर्मचारी 25 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर है।उनके हड़ताल पर चले जाने से शहर की सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। ना झाड़ू लग रही है ना कचरा उठ रहा है। नगर पालिका और सफाई कर्मचारियों के बीच सार्थक चर्चा नहीं हो पा रही है। नगर की सफाई व्यवस्था पूर्ण रूप से अस्त व्यस्त हो चुकी है। सफाई कर्मचारियों की जो जायज मांगे हैं उन्हें पूरी करनी चाहिए। वहीं कुछ मांगे शासन स्तर की है उसे शासन स्तर से पूरा करना चाहिए। क्योंकि केवल जिला ही नहीं बल्कि प्रदेश व देश में भाजपा की सरकार है। ट्रिपल इंजन की सरकार चल रही है बालाघाट में विधायक, मंत्री ,भाजपा के हैं। खुद नगर पालिका अध्यक्ष भाजपा से हैं। मुख्यमंत्री भाजपा से हैं और प्रधानमंत्री भी भाजपा से ही हैं तो सफाई कर्मचारियों की जायज मांगों को पूरा करने में उन्हें क्या समस्या आ रही है। उन्हें कौन रोक रहा है। यदि यह मांग पूरी नहीं कर सकते तो स्पष्ट कर देना चाहिए कि वे या सरकार उनकी समस्या नहीं सुलझा पाएगीम इस तरह उन्हें परेशान नहीं करना चाहिए। नगर पालिका जनता को धोखा दे रही है जगह-जगह कचरा पड़ा है। कर्मचारी हमारे हैं तो उनकी समस्या को भी सुलझाना चाहिए।

तो आदेशों की जलाएंगे होली, सड़क पर उतरकर करेंगे प्रदर्शन- राजेश वर्मा
वही इस पूरे मामले को लेकर की गई चर्चा के दौरान भारतीय मजदूर संघ विभाग प्रमुख राजेश वर्मा ने बताया कि भारतीय मजदूर संघ के बैनर तले नपा के सफाई कर्मचारियों द्वारा अनिश्चितकालीन हड़ताल की जा रही है। बीच में सफाई आयोग के अध्यक्ष आए थे उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को आदेश दिया था कि 2016 तक के दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को नियमित किया जाए, वही नगर पालिका में रिक्त पदों पर भी नियमित कर्मचारियों की भर्ती की जाए। जिसे नगर पालिका अधिकारियों ने भी स्वीकार किया था और 15 दिनों में आदेश जारी करने की बात कही थी। लेकिन इन्होंने कुछ नहीं किया। इसीलिए कर्मचारी हड़ताल पर चले गए। कर्मचारियों की हड़ताल पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए, लेकिन नगर पालिका इन्हें नोटिस दे रही है सेवा समाप्त किए जाने की बात कही जा रही है। नियम के अनुसार कर्मचारी पर अन्याय होगा उसका शोषण होगा तो वह हड़ताल पर बैठेगा। यह उसका हक है।जिससे उसे वंचित नहीं किया जा सकता। यदि नगर पालिका द्वारा हड़ताली कर्मचारियों को सेवा समाप्ति के नोटिस जारी किए जाते हैं तो हड़ताली कर्मचारियों द्वारा सामूहिक रूप से उस नोटिसो की होली जलाई जाएगी, वही भारतीय मजदूर संघ से संबंधित विभिन्न संगठनों को साथ लेकर सड़क पर उतरकर जिले से लेकर पूरे प्रदेश तक आंदोलन किए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here