दिल्ली में बारिश के बाद जहां लोगों को भारी प्रदूषण से राहत मिली है, वहीं दक्षिणी राज्यों में आज भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि आने वाले 2 दिनों में जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हिमपात के साथ भारी बारिश हो सकती है। उत्तराखंड़ के बद्रीनाथ में हिमपात जारी है। इलाके में ताजा हिमपात के चलते कड़ाके की ठंड महसूस की गई। मौसम विभाग ने अपडेट जानकारी देते हुए बताया है कि दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में 14 नवंबर से पूर्वी लहर के कारण बारिश शुरु हो सकती है।
जानें दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने बताया है कि 10 से 16 नवंबर तक दिल्ली में 7 दिनों के लिए मौसम साफ रहेगा। आपको बता दें कि बारिश के बाद बीते 24 घंटे के भीतर दिल्ली के एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) में 158 अंकों की गिरावट दर्ज की गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने बताया है कि दिल्ली-NCR में शनिवार सुबह की वायु गुणवत्ता का स्तर 224 पर पहुंच गया है, जो शुक्रवार को 400 के स्तर तक पहुंच गया था।
दीपावली के बाद दिल्ली में बढ़ेगा प्रदूषण
दीपावली के बाद दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने की संभावना है। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के मुताबिक, 13 नवंबर से दिल्ली की हवा फिर से गंभीर श्रेणी में चले जाने की संभावना है।
इन राज्यों में हो सकती है बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण भारत में 9 से 11 नवंबर तक भारी बारिश हो सकती है। आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु में 8 नवंबर से झमाझम बारिश हो सकती है। तमिलनाडु और केरल में मछुआरों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। मौसम विभाग ने इन राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मैदानी राज्यों में बढ़ेगी ठंड
उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के बाद मैदानी राज्यों उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश में ठंड बढ़ने की संभावना है। मौसम में तेजी से बदलाव महसूस किया जा सकता है। उत्तर प्रदेश के कुछ शहरों जैसे मथुरा, अलीगढ़, फिरोजाबाद, में हल्की बारिश और बूंदाबांदी हो सकती है। बिहार में पछुआ हवाओं के कारण सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस होगी।