बाजार ने फिर नया ऑल टाइम हाई बनाया:सेंसेक्स 62701 के स्तर पर पहुंचा, निफ्टी भी रिकॉर्ड हाई पर

0

शेयर बाजार ने हफ्ते के पहले कारोबारी दिन, यानी सोमवार (28 नवंबर) को नया रिकॉर्ड बनाया। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 62,701 के नए ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया। इससे पहले सेंसेक्स ने शुक्रवार को ऑल टाइम हाई बनाया था।

आज सेंसेक्स 210 से ज्यादा अंक की तेजी के साथ 62,500 के पार बंद हुआ। इसके साथ ही सेंसेक्स ने अपना नया क्लोजिंग हाई भी बनाया। सेंसेक्स के 30 में से 15 शेयरों में तेजी देखने को मिली। वहीं 15 शेयरों में ही गिरावट रही।

निफ्टी ने भी नया ऑल टाइम हाई बनाया
वहीं निफ्टी ने भी नया ऑल टाइम हाई और क्लोजिंग हाई बनाया। कारोबार के दौरान निफ्टी 18,614.25 के स्तर पर पहुंचा। इससे पहले निफ्टी ने 19 अक्टूबर 2021 को ऑल टाइम हाई बनाया था। आज यह 50 अंक की तेजी के साथ 18,560 के पार बंद हुआ।

100 पॉइंट से शुरू हुआ था सेंसेक्स
1986 में जब सेंसेक्स की शुरुआत हुई तो इसका बेस ईयर 1978-79 को रखा गया और बेस 100 पॉइंट बनाया गया। जुलाई 1990 में ये आंकड़ा 1000 पॉइंट पर पहुंच गया। 1991 के आर्थिक उदारीकरण के बाद सरकार ने FDI के दरवाजे खोले और बिजनेस करने के कानून में बदलाव किया। इसने सेंसेक्स में गति बढ़ाई।

BPCL-रिलायंस टॉप गेनर
BPCL, रिलायंस, हीरो मोटोकॉर्प, टाटा कंज्यूमर, SBI लाइफ, एशियन पेट्स, नेस्ले इंडिया समेत निफ्टी के 25 शेयरों में तेजी देखने को मिली। वहीं हिंडाल्को, अपोलो हॉस्पिटल, JSW स्टील, टाटा स्टील, HDFC बैंक समेत निफ्टी के 25 शेयरों में ही गिरावट रही।

बैंक और ऑटो सेक्टर में तेजी
NSE के 11 सेक्टोरल इंडेक्स में से 7 में तेजी देखने को मिली। बैंक, ऑटो, FMCG, फार्मा, PSU बैंक, प्राइवेट बैंक और रियल्टी सेक्टर में तेजी रही। वहीं फाइनेंशियल सर्विसेज, IT, मीडिया और मेटल सेक्टर में गिरावट देखने को मिली।

बाजार ने शुक्रवार को भी बनाए थे रिकॉर्ड्स
शेयर बाजार ने हफ्ते के पांचवें और आखिरी कारोबारी दिन, यानी शुक्रवार (25 नवंबर) को भी कई रिकॉर्ड्स कायम किए थे। इस दिन कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 62,447 ऑल टाइम हाई बनाया था। इसके बाद सेंसेक्स 20 अंकों की तेजी के साथ 62,293 के स्तर पर बंद हुआ था। यह सेंसेक्स का ऑल टाइम क्लोजिंग हाई और 52-वीक हाई भी था।

निफ्टी ने नया क्लोजिंग हाई बनाया था
निफ्टी ने 52 हफ्तों का नया हाई और क्लोजिंग हाई बनाया था। निफ्टी 28 अंक बढ़कर 18,512 के स्तर पर बंद हुआ था। कारोबार के दौरान ये 18,534.90 के स्तर पर पहुंचा था। इससे पहले निफ्टी का 52-वीक हाई 18,529 और क्लोजिंग हाई 18,484 था, जो उसने एक दिन पहले 24 नवंबर को बनाया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here