ब्राजील के सेराना शहर में कोविड-19 से होने वाली मौतें 95% कम हो गई हैं। अस्पताल में भर्ती होने वालों की संख्या में 86% की कमी आई। मरीजों में 80% की गिरावट भी दर्ज हुई है। और इसके पीछे की वजह है- तेज गति से चलाया गया टीकाकरण अभियान।
दरअसल, 45 हजार की आबादी वाले सेराना में लगभग हर वयस्क को वैक्सीन लगा दी गई है। यहां चीन में विकसित हुई कोरोनावैक वैक्सीन लगाई जा रही है। प्रयोग के नतीजों से पता चला है कि यदि 75% लोगों का पूरी तरह टीकाकरण किया जाए, तो महामारी को नियंत्रित किया जा सकता है।
बुटांटन इंस्टीट्यूट के शोध निदेशक रिकार्डो पालासियस ने कहा- ‘जिन बच्चों और युवाओं को वैक्सीन नहीं लगी, उनके संक्रमित होने की दर भी कम हुई है। इस प्रयोग से ये भी पता चला कि स्कूलों को खोलने के लिए बच्चों को वैक्सीन लगाने की जरूरत नहीं है।’
शहर को चार भागों में बांटकर किया प्रयोग
कोरोना को नियंत्रित होने में कितना समय लगेगा, यह पता करने के लिए शहर को 4 भागों में बांटा। तीन भागों की 75% आबादी को वैक्सीन की दोनों डोज दी गईं। 95% वयस्कों को दोनों डोज लगाने के बाद नतीजे देखे गए। सेराना में हुए इस प्रयोग ने कोरोना को खत्म करने की उम्मीद जगा दी है।