रेखा गुप्ता से अरविंद केजरीवाल को दो और नुकसान होंगे…क्या बीजेपी ने आप का बोरिया-बिस्तर समेटने का चला दांव?

0

नई दिल्ली: बीजेपी ने दिल्ली विजय के बाद अब नया दांव चला है। रेखा गुप्ता को दिल्ली की मुख्यमंत्री बनाकर आम आदमी पार्टी और उसके नेता अरविंद केजरीवाल का बोरिया-बिस्तर समेटने की तैयारी कर ली है। बीजेपी के इस दांव से आप को दो बड़े नुकसान होंगे। राजनीतिक विश्लेषकों का यह मानना है कि इस दांव से केजरीवाल को दिल्ली की सत्ता से अरसे तक दूर रखने की रणनीति है। आइए-समझते हैं कि केजरीवाल को दो बड़े नुकसान क्या हो सकते हैं।

रेखा गुप्ता ने केजरीवाल का ये कर दिया नुकसान

दिल्ली यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर और राजनीतिक विश्लेषक डॉ. राजीव रंजन गिरि के अनुसार, रेखा गुप्ता और अरविंद केजरीवाल में दो समानताएं हैं, जो आप के लिए नुकसानदेह साबित हो सकती है। अरविंद केजरीवाल की तरह रेखा गुप्ता भी वैश्य समुदाय से हैं। भाजपा को अक्सर बनियों की पार्टी माना जाता रहा है। मगर, बीते कुछ समय से बीजेपी ने कारोबारी वैश्य वर्ग से एक तरह से दूरी बना रखी थी, जिससे इस वर्ग में कुछ नाराजगी थी। ऐसे में रेखा गुप्ता को दिल्ली का सीएम बनाकर बीजेपी ने उन्हें संतुष्ट करने की कोशिश की है। केजरीवाल को इस वर्ग से अब शायद ही वोट मिलें।

हरियाणा भी हाथ से गया, रेखा ने लगा दी मुहर

डॉ. राजीव रंजन गिरि कहते हैं कि रेखा गुप्ता भी केजरीवाल की तरह ही मूल रूप से हरियाणा से हैं। बीते साल हरियाणा विधानसभा चुनाव में केजरीवाल की बत्ती गुल करने वाली बीजेपी ने अब रेखा गुप्ता को सीएम बनाकर आप पर दोहरी चोट की है। रेखा के बहाने केजरीवाल को दिल्ली की सत्ता से दूर कर दिया है। हरियाणा पर दिल्ली का असर काफी रहता है। हरियाणा के लोग दिल्ली में पढ़ाई से लेकर नौकरी तक करते हैं। ऐसे में वहां के वोटरों के बीच यह मैसेज गया है कि हरियाणा की बेटी अब दिल्ली पर राज करेगी। इससे पहले बीजेपी की सुषमा स्वराज भी हरियाणा से ही थीं।

महिला नेतृत्व देकर महिलाओं को दिया संदेश

दिल्ली से पहले बीजेपी की 13 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में सरकार थी, लेकिन कोई भी महिला मुख्यमंत्री नहीं थी। राजस्थान में वसुंधरा राजे सिंधिया के बाद बीजेपी का यह बॉक्स खाली था, जिसे अब रेखा गुप्ता ने भर दिया है। वहीं, देश के कुल 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों में ममता बनर्जी इकलौती महिला मुख्यमंत्री थीं। दिल्ली की मुख्यमंत्री बनने के बाद रेखा गुप्ता अब दूसरी महिला मुख्यमंत्री हो जाएंगी। कांग्रेस नेता अलका लांबा ने एक पुरानी यादगार तस्वीर शेयर कर रेखा गुप्ता को बधाई भी दे डाली।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here