मध्यप्रदेश में आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के जन्मदिन के मौके पर नई शुरुआत होने जा रही है। भोपाल के जंबूरी मैदान पर मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना की लॉन्चिंग करेंगे। इस योजना के जरिए महिलाओं को 1000 रु. हर महीने दिए जाएंगे। आज के कार्यक्रम में प्रदेश भर से महिलाएं भोपाल आएंगी। योजना की लॉन्चिंग से पहले मुख्यमंत्री और संगठन ने मंत्रियों की बैठक बुलाई है।
मप्र में 5 करोड़ 39 लाख 87 हजार 876 वोटर हैं। इनमें 2 करोड़ 60 लाख 23 हजार 733 महिला वोटर हैं। इन महिला वोटर्स में केवल उन्हीं विवाहित महिलाओं को इस योजना का फायदा मिलेगा, जिनके परिवार की आमदनी ढाई लाख से कम है। या पांच एकड़ से कम जमीन है। 23 से 60 साल की उम्र के बीच की विवाहित, तलाकशुदा, विधवा, परित्यक्ता महिलाएं इस योजना में पात्र होंगी।
क्यों पड़ी योजना की जरूरत?
NFHS (नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे) के अनुसार मध्यप्रदेश की 23% महिलाएं बॉडी मास इंडेक्स में पीछे हैं। सर्वे में 15 से 49 साल की 54.7% महिलाओं में एनीमिया की शिकायत होने का पता चला। सांख्यिकी एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन मंत्रालय द्वारा साल 2020-21 में जारी रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में श्रम बल सहभागिता दर में ग्रामीण क्षेत्र में 57.7% पुरुषों की हिस्सेदारी है, वहीं महिलाओं की भागीदारी महज 23.3% है। शहरों में 55.9% पुरुष श्रम बल के मुकाबले महिलाओं की भागीदारी मात्र 13.6% है। सर्वे से पता चलता है कि काम के नजरिए से पुरुषों के मुकाबले महिलाओं की भागीदारी कम है। इस कारण से महिलाएं आर्थिक तौर पर आत्मनिर्भर होने के बजाए पुरुषों पर आश्रित हैं।
प्रदेश में 60 साल से कम उम्र की जिस महिला को सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना में हर महीने एक हजार से कम जितनी राशि मिल रही है। इसके अतिरिक्त राशि का भुगतान लाडली बहना योजना से किया जाएगा।