वापस आएंगे कंगना समेत अन्य के ट्विटर अकाउंट:मस्क ने सस्पेंडेड अकाउंट वापसी पर पोल किया था, 72.4% ने हां में जवाब दिया

0

ट्विटर के नए बॉस एलन मस्क ने सभी सस्पेंडेड अकाउंट को वापस लाने का ऐलान किया है। एक पोल के बाद मस्क ने ये फैसला लिया। पोल में मस्क ने यूजर्स से पूछा था कि क्या सभी सस्पेंडेड अकाउंट को वापस लाया जाना चाहिए, बशर्ते कि उन्होंने कानून नहीं तोड़ा हो या गंभीर स्पैम में लिप्त नहीं हों? 31,62,112 यूजर्स वोटिंग में शामिल हुए। 72.4% यूजर्स ने हां में जवाब दिया और 27.6% ने ना।

मस्क ने कहा, ‘लोगों ने अपनी राय दे दी है… ‘माफी’ अगले सप्ताह से शुरू हो रही है। वोक्स पॉपुली, वोक्स देई।’ वोक्स पॉपुली, वोक्स देई एक लैटिन मुहावरा है जिसका अर्थ है जनता की आवाज, भगवान की आवाज है। इससे पहले एलन मस्क ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का अकाउंट भी बहाल किया था। इसके लिए भी उन्होंने पोल के जरिए लोगों से राय मांगी थी।

वापस आ सकता है कंगना रनोट का अकाउंट
मस्क के इस ऐलान के बाद भारत में कंगना रनोट समेत कई सेलिब्रिटीज के अकाउंट वापस आ सकते हैं। ट्विटर ने 2021 में कंगना रनोट को बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर किए एक ट्वीट के कारण सस्पेंड कर दिया था। इसके अलावा अलग-अलग कारणों से सिंगर अभिजीत भट्टाचार्य, एक्टर पायल रोहतगी, टीवी एक्टर सुशांत सिंह जैसे लोगों के भी अकाउंट सस्पेंड किए गए थे।

21 महीने बाद हुई थी ट्रंप की वापसी
6 जनवरी, 2021 के बाद जब ट्रंप का अकाउंट सस्पेंड किया गया था तब उनके 88 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर थे। रविवार सुबह करीब 06.30 बजे 21 महीने बाद अकाउंट फिर एक्टिव किया गया है। 1.5 करोड़ से ज्यादा यूजर्स ने वोटिंग में हिस्सा लिया था और 52% लोगों ने हां में जवाब दिया और 48% ने ना में। हालांकि ट्रंप ने अकाउंट बहाल किए जाने के बाद इसके इस्तेमाल से मना कर दिया है।

बड़े बदलावों से गुजर रहा ट्विटर
ट्विटर की कमान संभालने के बाद से एलन मस्क कंपनी में बड़े बदलाव करने में जुटे हैं। छंटनी में वो 50% से ज्यादा कर्मचारियों को निकाल चुके हैं। उन्होंने 8 डॉर में ब्लू सब्सक्रिप्शन सर्विस भी लॉन्च की थी जिसे फेक अकाउंट की संख्या बढ़ने के बाद होल्ड कर दिया गया है। इसके अलावा भी आने वाले दिनों में उन्होंने ट्विटर में लॉन्ग वीडियो जैसी कई अन्य सर्विस का ऐलान किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here