नई दिल्ली: शेयर मार्केट में मंगलवार को एक बार फिर बड़ी गिरावट आई। दोपहर एक बजे तक सेंसेक्स 1000 अंक से ज्यादा गिर गया। वहीं निफ्टी में भी बड़ी गिरावट देखी गई। निफ्टी में 250 अंक से ज्यादा की गिरावट आई। इस गिरावट के साथ सेंसेक्स 81 हजार और निफ्टी 24500 अंक से नीचे आ गया। मार्केट में गिरावट से निवेशकों के दो लाख करोड़ रुपये से ज्यादा डूब गए।
मंगलवार को मार्केट की शुरुआत गिरावट के साथ हुई। सोमवार को सेंसेक्स 81,748.57 अंक पर बंद हुआ था। मंगलवार को यह 236.76 अंकों की गिरावट के साथ 81,511.81 अंक पर खुला। दोपहर एक बजे तक इसमें अधिकतम 1,029.91 अंकों की गिरावट आ गई थी और यह 80,718.66 अंक पर पहुंच गया था। हालांकि इस गिरावट के बाद इसमें कुछ तेजी देखी गई। एक बजे सेंसेक्स 80,946.85 अंकों पर और निफ्टी 24,434.75 अंकों पर करोबार कर रहा था।
क्यों आई गिरावट?
मार्केट में गिरावट का मुख्य कारण रिलायंस इंडस्ट्रीज, इंफोसिस और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में गिरावट रहा। वहीं अमेरिकी फेडरल रिजर्व की 18 दिसंबर को होने वाली बैठक से पहले निवेशक सतर्क हो गए हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि फेड रिजर्व ब्याज दरों में कटौती कर सकता है।