सिवनी में मौसम ने फिर बदली करवट, शाम को गरज-चमक के साथ हुई बारिश

0

मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। बुधवार को सुबह से मौसम साफ रहने के बाद शाम होते होते मुख्यालय समेत आसपास के गांवों में गरज चमक के साथ बारिश दर्ज की गई। बेमौसम हुई इस बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। वहीं एक बार फिर गलन भरी ठंड बढ़ने की संभावना बढ़ गई है।

केवलारी में हुई जोरदार बारिश : जिले के केवलारी व आसपास के गांवों में बुधवार शाम करीब 4 बजे आधे घंटे तक जोरदार बारिश हुई। इस बारिश से क्षेत्र में ठंड बढ़ गई। केवलारी क्षेत्र के लोगों ने बताया कि मौसम में आए बदलाव के बाद शाम को अचानक बारिश शुरू हो गई जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। बारिश थमने के बाद बढ़ी ठंड के कारण लोग घरों में ही दुबके रहे जिससे बाजार में भीड़ कम रही।

मुख्यालय में हुई रिमझिम बारिश : मुख्यालय में बुधवार शाम करीब 5.15 बजे से रिमझिम बारिश शुरू हुई। रुक रुक कर देर शाम तक रिमझिम बारिश का दौर चलता रहा। मुख्यालय के अलावा जिले के बंडोल में तेज हवा के साथ जोरदार बारिश हुई। वहीं लखनादौन में दोपहर 2.30 बजे कुछ देर तेज बारिश हुई इसके बाद शाम को हल्की बूंदाबांदी हुई। जिले के छपारा व आसपास के गांवों में कुछ देर रिमझिम बारिश दर्ज की गई।

फसलों को हो सकता है नुकसान : बेमौसम हुई इस बारिश से गेहूं समेत सब्जियों की फसल को नुकसान होने की संभावना बढ़ गई है। पलारी गांव के किसान राजेंद्र ठाकुर ने बताया है कि इस समय नहरों के माध्यम से किसानों द्वारा गेहूं की फसल को पर्याप्त पानी दिया जा चुका है। अब यह बारिश फसल के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है क्याेंकि ज्यादा पानी मिलने से गेहूं की फसल जड़ से खराब हो सकती है। वहीं बारिश के बाद सुबह के समय पड़ने वाले पाले, कोहरा से भी फसलों को नुकसान हो सकता है। कृषि विभाग ने किसानों को सुबह के समय धुआं कर फसलों को बचाने की सलाह दी है।

फिर बढ़ सकती है ठंड : मुख्यालय समेत जिले के विभिन्न स्थानों में बुधवार को दर्ज हुई बारिश व तेज हवा चलने से एक बार फिर ठंड बढ़ सकती है। बीते कुछ दिनों से मौसम साफ रहने व तेज धूप निकलने के कारण लोगों को दिन के समय गर्मी का एहसास होने लगा था, लेकिन बुधवार को अचानक बिगड़े मौसम के बाद हुई बारिश से एक बार फिर गलन भरी ठंड बढ़ने की संभावना बढ़ गई है।बुधवार की शाम मुख्यालय में बारिश थमने के बाद लोगों को तेज ठंड का एहसास हुआ। बुधवार को अधिकतम पारा 25.2 डिसे व न्यूनतम पारा 13.4 डिसे दर्ज किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here