हॉस्टल से कूदने वाली छात्रा की सहेली ने दी जान:सामने छलांग लगाते देखा था, बोली थी- बार-बार वो दिखती है

0

रतलाम में कन्या शिक्षा स्कूल के हॉस्टल से कूदने वाली छात्रा की सहेली गीता (17) ने भी सुसाइड कर लिया। छात्रा की मौत से दुखी सहेली को परिजन घर बांसवाड़ा (राजस्थान) ले गए थे। वहां उसने जहर पीकर जान दे दी। वह यहां रतलाम में रहकर 11वीं की पढ़ाई कर रही थी।

परिजन का कहना है कि सहेली की मौत के बाद से बेटी सदमे में थी। ठीक से खा-पी भी नहीं रही थी। सहेली को याद कर रोती रहती थी। नींद में भी उसका नाम लेती थी। कहती थी- कृष्णा (हॉस्टल की छत से कूदकर सुसाइड करने वाली छात्रा) तूने ऐसा क्यों किया? बेटी ने हमें बताया था कि सहेली उसे बार-बार कूदते हुए दिख रही है। उसे दिमाग से नहीं निकाल पा रही हूं।

पहले जान लेते हैं पूरा मामला…
रतलाम के कन्या शिक्षा आवासीय परिसर में 14 साल की कृष्णा डामर 9th क्लास की स्टूडेंट थी। 7 दिसंबर को हॉस्टल की चौथी मंजिल की छत से गिरने से उसकी मौत हो गई थी। हॉस्टल मैनेजमेंट का कहना था कि इसी दिन उसे एग्जाम में चीटिंग करते हुए पकड़ा गया था। जिसके बाद उसने सुसाइड किया है। वहीं पिता ने आरोप लगाते हुए कहा था कि इतनी ऊंचाई से गिरने के बाद भी बेटी को कोई गंभीर चोट नहीं आई। मैनेजमेंट हकीकत छिपा रहा है। दूसरे दिन रतलाम कलेक्टर ने हॉस्टल वार्डन सीमा कनेरिया को हटा दिया था। कृष्णा बाजना की रहने वाली थी।

नींद में भी ले रही थी सहेली का नाम…
कृष्णा की मौत के बाद हॉस्टल की अन्य छात्राओं के साथ पुलिस ने गीता (17) का बयान भी लिया था। घटना के अगले ही दिन गुरुवार 8 दिसंबर को गीता छुट्टी पर चली गई थी। उसके पिता बालू खुद उसे हॉस्टल से घर ले गए थे। छात्रा के परिजन ने बताया कि बेटी ने घर आने के बाद से खाना नहीं खाया। रोते हुए सहेली कृष्णा को याद करती रही। नींद में भी उसका नाम लेती रही।

10 दिसंबर की सुबह 7.30 बजे हम सब घर पर ही थे, लेकिन पता नहीं कब उसने घर में रखा कीटनाशक पी लिया। उसे हम तत्काल बांसवाड़ा सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। छात्रा बोलने की स्थिति में नहीं थी, इसलिए उसके बयान नहीं हो सके। रविवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here