2020 में दुनिया के 300 करोड़ लोगों ने अनजान लोगों की मदद की, अमीर की तुलना में गरीब देशों ने बड़ा दिल दिखाया

0

कोरोना महामारी ने दुनियाभर के लोगों में दान करने की प्रवृत्ति को बढ़ावा दिया। ब्रिटिश संस्था चैरिटीज एड फाउंडेशन के वर्ल्ड गिविंग इंडेक्स 2021 के मुताबिक बीते साल 2020 में दुनिया के 55% वयस्कों यानी करीब 300 करोड़ लोगों ने अनजान व्यक्ति की मदद की। 31% लोगों ने नकद दान दिया और दुनिया के हर 5वें व्यक्ति ने स्वैच्छिक रूप से समाजसेवा में समय लगाया। संस्था ने 114 देशों मेंं सर्वे किया है। इसमें सभी देशों को 3 पहलुओं- अनजाने शख्स की मदद करने, नकद दान व अपना समय देकर समाजसेवा करने की प्रवृत्ति पर आंका है।

इसके लिए गैलप ने हर देश में कम से कम एक हजार लोगों के इंटरव्यू किए। कुल 114 देशों में 1.21 लाख लोगों के साक्षात्कार लिए गए हैं। इस सूचकांक में इंडोनेशिया को सबसे उदार देश बताया गया है। यहां के 83% लोगों ने नकद दान दिया। समय देकर श्रम दान या समाज के लोगों की मदद करने में भी इंडोनेशिया (60%) सर्वोपरि रहा।

नकद दान देने वालों में म्यांमार दूसरे पायदान पर है, वहां बौद्ध धर्म के थेरावड़ा शाखा के लोग दान देने में काफी आगे हैं। खास बात यह है कि अमीर देशों की तुलना में गरीब देशों के लोगों में दूसरों की मदद का ट्रेंड ज्यादा रहा। हमेशा टॉप-10 में स्थान रखने वाले अमेरिका, ब्रिटेन, आयरलैंड, कनाडा और नीदरलैंड्स रैंकिंग में फिसल गए हैं, टॉप-5 में रहने वाला अमेरिका 19वें स्थान पर पहुंच गया है।

अनजानों की मदद करने वाले टॉप-10 देशों में से 6 अफ्रीकी हैं -नाइजीरिया, कैमरून, जाम्बिया, केन्या, यूगांडा और मिस्र। जापान इस श्रेणी में आखिरी पायदान पर है। यूरोपीय देश बेल्जियम, स्विट्जरलैंड, फ्रांस, स्लोवेनिया, इटली, नीदरलैंड्स और आइसलैंड में भी अनजान लोगों के मदद की प्रवृत्ति कम दिखी। जापान और माली जैसे धनी देश दान करने में बहुत पीछे हैं।

भारत की लंबी छलांग, 82वीं से 14वीं रैंक पर आया, समाजसेवा में छठी रैंक

भारत इस सूचकांक में बीते कई वर्षों से 82वीं रैंक पर था, पर 2020 में वह 14वें पायदान पर पहुंच गया। सूचकांक की अलग-अलग श्रेणियों में बात करें तो भारत समाजसेवा के लिए समय देने में छठे, नकद दान देने में 35वें और अजनबियों की मदद के मामले में 41वें पायदान पर आंका गया।

टॉप-15 देश (ओवरऑल रैंकिंग)
1. इंडोनेशिया, 2. केन्या, 3. नाइजीरिया, 4. म्यांमार, 5. ऑस्ट्रेलिया, 6. घाना, 7. न्यूजीलैंड, 8. यूगांडा, 9. कोसोवाे, 10. थाईलैंड, 11. तजाकिस्तान, 12. बहरीन, 13. यूनाइटेड अरब अमीरात, 14. भारत, 15. इथियोपिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here