युग पुरुष धाम में मौत का मामला! कलेक्टर ने आश्रम को जारी किया कारण बताओ नोटिस, हो सकती है बड़ी कार्रवाई

0

शहर के युग-पुरुष धाम आश्रम में हुई 6 मासूम बच्चों की मौत के मामले में प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। जिला कलेक्टर आशीष सिंह ने अंतरिम जांच रिपोर्ट के आधार पर आश्रम प्रबंधन को कारण बताओं नोटिस जारी किया है। जहां आश्रम से 3 दिन में जवाब मांगा है। वहीं, जवाब आने के बाद आश्रम प्रबंधन पर बड़ी कार्रवाई हो सकती है। अंतरिम जांच रिपोर्ट में ये खुलासा हुआ है कि 29-30 जून और 2 जुलाई की दरम्यानी रात के बीच पांच नहीं बल्कि 6 मासूम बच्चों की मौत हुई। बच्चों की मौत के बाद आश्रम संचालक और यहां की व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

अंतरिम जांच रिपोर्ट में ये खुलासा हुआ है कि आश्रम प्रबंधन ने पहली मौत की जानकारी प्रशासन से छिपाई। इतना ही नहीं पोस्टमार्टम के बिना ही 11 वर्षीय अंकित गर्ग को दफना दिया गया। इसकी सूचना प्रशासन को नहीं दी गई थी। बुधवार की रात कलेक्टर को सौंपी गई अंतरिम जांच रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है। इसमें आश्रम प्रबंधन को ‘बच्चे की मौत समेत तथ्यों को छिपाने’, इलाज में लापरवाही और रेकॉर्ड रखने में अव्यवस्था के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है। कलेक्टर ने अंतरिम जांच रिपोर्ट के आधार पर कारण बताओं नोटिस जारी कर 3 दिन में आश्रम प्रबंधन से जवाब मांगा है।

कलेक्टर ने जारी किया कारण बताओ नोटिस

कलेक्टर आशीष ने कहा कि जांच कमेटी की रिपोर्ट में आश्रम पर बीमारी की जानकारी समय पर न देने के साथ बच्चे की मौत को छुपाने का आरोप है। आश्रम प्रबंधन को शो-कॉज नोटिस जारी कर 3 दिन में जवाब मांगा है। कलेक्टर ने कहा की जांच रिपोर्ट में आश्रम में क्षमता से अधिक बच्चे होने की बात भी कही गई है। जिसके बाद आज कुछ बच्चों को दूसरी संस्थाओं में शिफ्ट किया जाएगा। कलेक्टर ने कहा की चाचा नेहरू अस्पताल में जिन बच्चों को भर्ती किया गया है उनकी जांच रिपोर्ट भी आ गई है। दो बच्चों में कालरा की रिपोर्ट मिली है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here