रियाद: ईद कब है- 31 मार्च का एक अप्रैल को? जैसे-जैसे रमजान का पवित्र महीना अपने आखिरी पड़ाव की ओर पहुंच रहा है, दुनिया भर के मुसलमानों में इस सवाल का जवाब जानने की उत्सुकता बढ़ती जा रही है। इस्लामिक कैलेंडर के अनुसार, चांद के अनुसार तिथियां तय होंगी। इसका मतलब है कि ईद कब मनाई जाएगी, इसकी आधिकारिक पुष्टि चांद दिखने के बाद ही होगी। हालांकि, एक बड़ा सवाल है कि क्या भारत और दक्षिण एशियाई देशों के मुसलमान ईद चांद देखने के बाद मनाएंगे या फिर सऊदी अरब या अन्य मुस्लिम देशों के तारीखों का पालन करेंगे।
बड़ी संख्या में मुसलमान ईद के लिए सऊदी अरब की घोषणा का इंतजार करते हैं, जो इस्लाम के सबसे पवित्र स्थलों मक्का और मदीना का घर है। हालांकि, आलोचक सऊदी अरब पर चांद के नकली नजारे दिखाने का आरोप लगाते रहे हैं। इसकी वजह है कि सऊदी अरब उन दिनों में ईद होने की घोषणा करता है, जब वैज्ञानिक और खगोलविद इस बात पर जोर देते हैं कि इसे देखना असंभव है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या सऊदी अरब चांद देखने की झूठी घोषणा करता है?
सऊदी अरब में कब है ईद?
सऊदी अरब के खगोलविदों ने गुरुवार को भविष्यवाणी की कि शव्वाल का चांद शनिवार 29 मार्च की शाम को दिखाई देगा। इसका मतलब है कि सऊदी अरब में ईद संभवतः 30 मार्च को होगी। अरब मीडिया के अनुसार, सऊदी अरब में नया चांद 29 मार्च को दोपहल 2 बजे दिखाई देने की उम्मीद है। इसके सूर्यास्त के 8 मिनट बाद तक दिखाई देने की उम्मीद है। हालांकि, खगोलविदों का कहना है कि शनिवार को चांद देखना असंभव होगा। यह दूरबीन के साथ भी कठिन होगा।