गुजरात समुद्र तट से लगती अंतरराष्ट्रीय जल सीमा में गुजरात के मछुआरों की नाव पर पाकिस्तान समुद्री सुरक्षा एजेंसी (पीएमएसए) के जवानों गोलीबारी कर दी जिसमें महाराष्ट्र के एक मछुआरे की मौत हो गई तथा एक घायल हो गया। जानकारी के अनुसार घटना शनिवार शाम करीब चार बजे की है। देवभूमि द्वारका के पुलिस अधीक्षक सुनील जोशी ने बताया कि महाराष्ट्र के ठाणे का एक मछुआरा श्रीधर रमेश चमरे (32) भी मछली पकड़ने वाली नाव ‘जलपरी’ पर था।
शनिवार शाम को पीएमएसए जवानों द्वारा उस पर और चालक दल के अन्य सदस्यों पर गोलियां चला दीं, जिससे उसकी मौत हो गई व चालक दल का एक अन्य घायल हो गया। यह मछुआरे सोमनाथ जिले के कोडीनार निवासी नानजी भाई राठौड़ की बोट से मछली पकड़ने के लिए समुद्री सीमा में गए थे। उन्होंने कहा कि नाव पर चालक दल के सात सदस्य थे और गोलीबारी की घटना में उनमें से एक को मामूली चोट आई है।
मृतक मछुआरे श्रीधर का शव रविवार को ओखा बंदरगाह लाया गया। शवको पोस्टमार्टम के लिए द्वारका लाया गया जहां से इसे जामनगर भेजने की खबर है। पोरबंदर मरीन पुलिस ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज की। जोशी ने कहा कि चमरे मछली पकड़ने वाली नाव ‘जलपरी’ पर सवार था।
यह नाव 25 अक्टूबर को ओखा से सात चालक दल के सदस्यों के साथ रवाना हुई थी, जिनमें से पांच गुजरात से और दो महाराष्ट्र से थे। उन्होंने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। उल्लेखनीय है कि सितंबर 2020 में भारतीय जल सीमा से पाकिस्तानी मरीन एजेंसी ने गुजरात की आठ बोट तथा 40 मछुआरों का अपहरण कर लिया था।