सोनिया गांधी और राहुल गांधी को झूठे केस में फंसाने की, मोदी सरकार की साजिश- नाना पटोले

0

केंद्र की मोदी सरकार कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ राजनीतिक साजिश के तहत काम कर रही है। यही वजह है कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी को झूठे मामले में फंसाने के लिए नोटिस जारी किया है। मोदी सरकार पर यह हमला प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने किया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। पटोले ने कहा कि भाजपा सरकार के इस तानाशाही रवैये के विरोध में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ता द्वारा 13 जून को मुंबई और नागपुर में ईडी कार्यालयों के सामने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर बोलते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार लोकतंत्र और संविधान का खुलेआम उल्लंघन कर रही है। मोदी सरकार ने सीबीआई, ईडी, इनकम टैक्स, एनसीबी जैसी केंद्रीय जांच एजेंसियों को कठपुतली बना दिया है और विपक्ष को बदनाम करने के लिए इसका दुरुपयोग कर रही है। देशभर में विपक्षी दलों के नेताओं पर छापेमारी की जा रही है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। कांग्रेस पार्टी लगातार भाजपा के इस दमनकारी, अत्याचारी और मनमानी शासन के खिलाफ आवाज उठाती रही है। इसके तहत कांग्रेस ने देश के किसानों के हक में भाजपा सरकार के तीन काले कृषि कानूनों का कड़ा विरोध किया था। जिसके बाद मोदी सरकार को यह कानून वापस लेना पड़ा।अब कांग्रेस, केंद्र सरकार से महंगाई और बेरोजगारी पर जवाब मांग रही है, लेकिन इन मुद्दों को समाधान निकालने के लिए कोई पहल नहीं की जा रही है । नाना पटोले ने कहा कि हाल ही में उदयपुर में आयोजित कांग्रेस पार्टी के नवसंकल्प शिविर में हमारे नेताओं के उत्साह को देख कर भाजपा बौखला गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की साजिश के विरोध में कांग्रेस पार्टी सोमवार, 13 जून को ईडी कार्यालय के सामने धरना- प्रदर्शन करेगी। पटोले ने कहा कि महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस सोनिया गांधी और राहुल गांधी के साथ मजबूती से खड़ी है और हम मोदी सरकार के तानाशाही रवैए के आगे झुकने वाले नहीं हैं।

  • मुंबई ईडी कार्यालय के सामने आंदोलन
    प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले के नेतृत्व में मुंबई में ईडी कार्यालय के सामने 13 जून सोमवार को प्रदर्शन किया जाएगा। इस प्रदर्शन में कांग्रेस विधायक दल के नेता और राजस्व मंत्री बालासाहेब थोरात और लोक निर्माण मंत्री अशोक चव्हाण ख़ास तौर से मौजूद रहेंगे। इसके अलावा आदिवासी विकास मंत्री के.सी. पड़वी, चिकित्सा शिक्षा मंत्री अमित देशमुख, मत्स्य पालन मंत्री असलम शेख, गृह राज्य मंत्री सतेज पाटिल, राज्य मंत्री डॉ. विश्वजीत कदम, मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष भाई जगताप, सांसद रजनीताई पाटील, कुमार केतकर, प्रदेश कार्याध्यक्ष बसवराज पाटील, नसीम खान, प्रणिती शिंदे, महिला कांग्रेस अध्यक्ष संध्याताई सव्वालाखे, सेवादल प्रदेशाध्यक्ष विलास औताडे, विधायक अमर राजूरकर, प्रदेश उपाध्यक्ष मोहन जोशी, जयप्रकाश छाजेड, प्रदेश महासचिव देवानंद पवार, प्रमोद मोरे, मुख्य प्रवक्ता अतुल लोंढे समेत कई कांग्रेसी नेता, पदाधिकारी व भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।
  • नागपुर में ईडी कार्यालय के सामने प्रदर्शन
    13 जून को नागपुर में ईडी के कार्यालय के सामने होने वाले प्रदर्शन में ऊर्जा मंत्री डॉ. नितिन राउत, राहत एवं पुनर्वास मंत्री विजय वडेट्टीवार, महिला एवं बाल कल्याण मंत्री यशोमती ठाकुर, डेयरी विकास मंत्री सुनील केदार, सांसद सुरेश उर्फ बालू धनोरकर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष माणिकराव ठाकरे, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष शिवाजीराव मोघे, चंद्रकांत हंडोरे, विधायक कुणाल पाटिल, युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कुणाल राउत, एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष अमीर शेख समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी भाग लेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here