पीवी सिंधु और मनप्रीत होंगे राष्ट्रमंडल खेलों की ओपनिंग सेरेमनी में भारतीय दल के ध्वजवाहक

0

दो बार की ओलंपिक पदक विजेता शीर्ष बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु और भारतीय हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह को कॉमनवेल्थ गेम्स के ओपनिंग सेरेमनी के लिए भारतीय दल का ध्वजवाहक बनाया गया है। मनप्रीत का नाम दूसरे ध्वजवाहक के रूप में जोड़ा गया है, क्योंकि आयोजकों ने सूचित किया कि प्रत्येक देश के लिए दो ध्वजवाहक उतारना अनिवार्य है जिसमें एक पुरुष और एक महिला रहेगी। मनप्रीत की अगुआई में पिछले साल भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीता था। उनकी इसी उपलब्धि की वजह से उन्हें भारतीय दल के दूसरे सदस्य के रूप में चुना गया है।
राष्ट्रमंडल खेलों की ओपनिंग सेरेमनी स्थानीय समयानुसार शाम सात बजे और भारतीय समयानुसार रात 11:30 बजे होगी। भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने कहा कि मनप्रीत को दूसरे ध्वजवाहक के रूप में शामिल करने का निर्णय इसलिए किया गया, क्योंकि बर्मिंघम 2022 राष्ट्रमंडल खेलों की आयोजन समिति ने उद्घाटन समारोह के लिए हर देश से दो ध्वजवाहकों को नामित करना अनिवार्य कर दिया है। इन दो में एक महिला होनी चाहिए जबकि दूसरा पुरुष। ओलंपिक चैम्पियन नीरज चोपड़ा को ध्वजवाहक बनाने की उम्मीद थी, लेकिन विश्व चैम्पियनशिप में लगी चोट के कारण उन्हें राष्ट्रमंडल खेलों से हटना पड़ा है।
भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने तीन महिला खिलाड़ियों की सूची में से सिंधु का चयन किया। दो अन्य खिलाड़ी टोक्यो ओलंपिक पदक विजेता भारोत्तोलक मीराबाई चानू और मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन थीं। आईओए ने फैसला करने से पहले इन दोनों के नाम पर भी विचार किया था। पीवी सिंधु ने कहा इतने बड़े समारोह में दल की अगुआई करना और तिरंगा थामने की जिम्मेदारी मिलना बहुत सम्मान की बात है। मैं बहुत खुश हूं और मैं दल के अपने सभी साथियों को खेलों के लिए शुभकामनाएं देती हूं। मुझे ध्वजवाहक चुनने के लिए मैं आईओए को भी धन्यवाद देना चाहूंगी।
ध्वजवाहक का चुनाव आईओए की चार सदस्यीय समिति ने किया, जिसमें महासचिव राजीव मेहता, कोषाध्यक्ष आनंदेश्वर पांडे और भारतीय टीम के मिशन प्रमुख राजेश भंडारी को भी शामिल किया गया था। मुक्केबाज अमित पंघाल और टेबल टेनिस खिलाड़ी अचंता शरत कमल भी तीन पुरुष दावेदारों की सूची में शामिल थे, लेकिन समिति ने सम्मान के लिए मनप्रीत को चुना। आईओए के कार्यवाहक अध्यक्ष अनिल खन्ना ने कहा मनप्रीत सिंह ने पिछले साल टोक्यो ओलंपिक में भारतीय हॉकी के ओलंपिक पदक के 41 साल के सूखे को खत्म किया। वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले अहम खिलाड़ियों में से एक हैं।
उन्होंने कहा हमें उन्हें और सिंधू को दो ध्वजवाहक के रूप में नामित करने की खुशी है, जो बर्मिंघम 2022 राष्ट्रमंडल खेलों के उद्घाटन समारोह में राष्ट्रों की परेड के दौरान भारतीय दल की अगुआई करेंगे। सिंधु गोल्ड कोस्ट में 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में भी ध्वजवाहक थीं, जबकि मनप्रीत टोक्यो ओलंपिक के उद्घाटन समारोह में भारत के दो ध्वजवाहकों में से एक थे। कॉमनवेल्थ गेम्स के इस 2022 चरण में खेलों के इतिहास में महिला खिलाड़ियों का सबसे दल हिस्सा ले रहा है।
भारतीय दल की प्रमुख भंडारी ने कहा कि 28 जुलाई को शुरू होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों की ओपनिंग में देश के दल के अधिकतम 164 प्रतिभागी हिस्सा ले सकते हैं। उन्होंने कहा 164 में खिलाड़ियों के साथ टीम के अधिकारी भी शामिल होंगे। अंतिम सूची गुरुवार शाम को तैयार हो जाएगी जो खिलाड़ियों की उपलब्धता पर निर्भर करेगी। भारत के कुल 215 खिलाड़ी राष्ट्रमंडल खेलों में भाग ले रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here