अडाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड ने मंगलवार को दिसंबर 2022 को खत्म तीसरी तिमाही के नतीजे घोषित किए। कंपनी को इस तिमाही में 820 करोड़ करोड़ रुपए का नेट प्रॉफिट हुआ है। एक साल पहले की समान तिमाही में कंपनी को 12 करोड़ रुपए का नेट लॉस हुआ था। सितंबर 2022 की पिछली तिमाही में कंपनी ने 460 करोड़ का मुनाफा कमाया था।
कंपनी का ऑपरेशन से रेवेन्यू 42% बढ़कर 26,612 करोड़ रुपए हो गया। एक साल पहले की समान तिमाही में ये 18,758 करोड़ रुपए था। वहीं कंपनी का कुल खर्च बढ़कर 26,171 करोड़ हो गया, जो एक साल पहले (YoY) 19,047.7 करोड़ था।
अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 4% चढ़ा
नतीजों के बाद अडाणी एंटरप्राइजेज के शेयर में करीब 4% की तेजी देखी जा रही है। पहले इसमें 4% के करीब गिरावट थी। वहीं ग्रुप की 10 में से 6 कंपनियों के शेयर 5% नीचे है। इनमें ग्रीन एनर्जी, पावर, टोटल गैस, ट्रांसमिशन विल्मर और NDTV हैं। वहीं सीमेंट कंपनी अंबुजा और ACC में भी गिरावट है। हालांकि, अडाणी पोर्ट्स के शेयर करीब 0.39% चढ़कर कारोबार कर रहे हैं।
अमीरों की लिस्ट में 24वें स्थान पर अडाणी
गौतम अडाणी ग्लोबल अरबपतियों की लिस्ट में 24वें स्थान पर आ गए हैं। फोर्ब्स रियल-टाइम बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, 14 फरवरी को अडाणी की नेटवर्थ गिरकर 4.31 लाख करोड़ रुपए (52.2 बिलियन डॉलर) तक पहुंच गई। सोमवार को उनकी नेटवर्थ 4.49 लाख करोड़ रुपए (54.4 अरब डॉलर) थी और वो 23वें स्थान पर थे। 24 जनवरी को हिंडनबर्ग रिपोर्ट आने से पहले वो लिस्ट में तीसरे नंबर पर थे।
हिंडनबर्ग ने शेयर मैनिपुलेशन जैसे आरोप लगाए
24 जनवरी को हिंडनबर्ग रिसर्च ने अडाणी ग्रुप को लेकर एक रिपोर्ट पब्लिश की थी। रिपोर्ट में ग्रुप पर मनी लॉन्ड्रिंग से लेकर शेयर मैनिपुलेशन जैसे आरोप लगाए गए थे। रिपोर्ट के बाद ग्रुप के शेयरों में भारी गिरावट देखने को मिली थी। शुक्रवार, यानी 3 फरवरी को अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 1000 रुपए के करीब पहुंच गया था। हालांकि, बाद में इसमें रिकवरी आई।