एअर इंडिया पेशाब कांड में आरोपी को न्यायिक हिरासत:14 दिन के लिए जेल भेजा; पायलट समेत 5 क्रू मेंबर्स ड्यूटी से हटाए गए

0

एअर इंडिया की फ्लाइट में बुजुर्ग महिला पर दूसरे यात्री के पेशाब करने के मामले में एयरलाइंस के CEO कैंपबेल विल्सन ने माफी मांगी है। शनिवार को बयान जारी करते हुए उन्होंने कहा- एअर इंडिया ऐसे मामलों को लेकर चिंतित है, जहां यात्रियों को उनके सहयात्रियों की बुरी हरकत के कारण परेशान होना पड़े। हमें इन घटनाओं पर पछतावा और दुख है।

बयान में यह भी बताया कि विल्सन ने फ्लाइट के 4 क्रू मेंमर्स और एक पायलट को ड्यूटी से हटा दिया है। इन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। एयरलाइंस अपनी शराब परोसने की पॉलिसी की भी समीक्षा कर रही है। एअर इंडिया ने स्वीकार किया कि इन मामलों को फ्लाइट और एयरपोर्ट दोनों जगहों पर बेहतर तरीके से संभाला जा सकता था।

फ्लाइट में महिला पर पेशाब करने वाला गिरफ्तार
न्यूयॉर्क से आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट में महिला पर पेशाब करने वाले आरोपी को 42 दिन बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। IGI एयरपोर्ट के डीसीपी रवि सिंह ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने आरोपी शंकर मिश्रा को बीती रात बेंगलुरु से पकड़ा गया। वह संजय नगर में रह रहा था।

उसे आज दिल्ली पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया। इसके बाद शंकर मिश्रा ने इसी कोर्ट में जमानत अर्जी लगाई। इस पर 11 जनवरी को सुनवाई होगी। यानी तब तक उसे जेल में रहना होगा। 28 दिसंबर को FIR दर्ज होने के बाद आरोपी शंकर लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था।

आज के बड़े अपडेट्स…

  • दिल्ली पुलिस ने घटना के समय एयर इंडिया की फ्लाइट में मौजूद क्रू मेंबर्स और सह-यात्रियों को पूछताछ के लिए बुलाया है।
  • एयर इंडिया के CEO-MD कैंपबेल विल्सन ने चार केबिन क्रू और एक पायलट को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

आरोपी के पिता बोले- बेटा थका हुआ था
पुलिस ने आरोपी शंकर मिश्रा के पिता श्याम मिश्रा को भी नोटिस दिया है। वो कह रहे हैं कि मेरे बेटे पर लगाए गए आरोप फर्जी हैं। पीड़ित ने मुआवजा मांगा था, हमने वो भी दे दिया, फिर पता नहीं क्या हुआ। शायद महिला की मांग कुछ और रही होगी जो पूरी नहीं हो सकी, इसीलिए वह नाराज है। मुमकिन है कि उसे ब्लैकमेल करने के लिए ऐसा किया जा रहा हो।

आरोपी के पिता ने कहा कि शंकर थका हुआ था। वह दो दिनों से सोया नहीं था। फ्लाइट में उसे ड्रिंक दी गई थी, जिसे पीकर वह सो गया। जब वह जागा तो एयरलाइन स्टाफ ने उससे पूछताछ की। मेरा बेटा सभ्य है और ऐसा कुछ नहीं कर सकता।

इस मामले में अब तक क्या हुआ?

26 नवंबर: एअर इंडिया की न्यूयॉर्क-दिल्ली फ्लाइट में आरोपी ने बुजुर्ग महिला के ऊपर पेशाब की। इस घटना पर एयरलाइन ने कोई एक्शन नहीं लिया।

28 दिसंबर: एयरलाइन ने दिल्ली पुलिस में FIR कराई। यह कार्रवाई तब हुई जब पीड़ित बुजुर्ग महिला ने टाटा ग्रुप के चेयरमैन से शिकायत की। हालांकि यह सामने नहीं आया कि पीड़ित ने टाटा ग्रुप के चेयरमैन को पत्र लिखा।

28 दिसंबर से 4 जनवरी: इस दौरान पुलिस आरोपी को तलाशती रही, लेकिन कामयाबी नहीं मिली।

4 जनवरी: यह खबर मीडिया और सोशल मीडिया में वायरल हुई।

5 जनवरी: मुंबई में कुर्ला स्थित आरोपी के घर पर शुक्रवार को दिल्ली पुलिस पहुंची। यहां पुलिस को आरोपी और उसका परिवार नहीं मिला। घर पर काम करने वाली मेड संगीता मिली। उसने बताया कि इस घर में 3 बच्चे एक महिला के साथ रहते हैं। वह परिवार के सदस्यों का नाम नहीं जानती, लेकिन लास्ट नेम मिश्रा है।

6 जनवरी: आरोपी शंकर मिश्रा वेल्स फार्गो एंड कंपनी में काम करता था। कंपनी ने नौकरी से निकाल दिया। कंपनी ने कहा- हम प्रोफेशनल बिहेवियर के हायर स्टैंडर्ड पर काम करते हैं। हमारे कर्मचारी की ऐसी हरकत माफी के काबिल नहीं है। दिल्ली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किया था और उसके गायब होने की जानकारी वेल्स फार्गो कंपनी के अमेरिका स्थित कानूनी विभाग को भेजी थी। आरोपी को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया गया।

7 जनवरी: आरोपी शंकर मिश्रा को बेंगलुरु से दिल्ली लाया गया। आज उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here