नगर मुख्यालय से लगभग ९ किमी. दूर ग्राम पंचायत खिर्री में प्रगतिशील कुनकी समाज खिर्री के तत्वाधान में १९ फरवरी को छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। यह जयंती कार्यक्रम प्रगतिशील कुनबी समाज खिर्री के पदाधिकारियों की उपस्थिति में प्रारंभ हुआ। इस अवसर पर डीजे की धुन पर ग्राम से छत्रपति शिवाजी महाराज की जीवंत झांकियों के साथ भव्य रैली निकाली गई और यह रैली ग्राम खिर्री एवं खारी का भ्रमण करते हुए खारी स्कूल चौक स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज के प्रतिमा स्थल पहुंची। जहां उपस्थितजनों ने मराठा साम्राज्य की स्थापना करने वाले महान वीर योध्दा छत्रपति शिवाजी महाराज के प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण किया और उनके द्वारा देश हित में किये गये कामों को याद करते हुए उनके बताये मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस दौरान रैली में डीजे की धुन पर युवक-युवतियों ने नृत्य भी किया गया साथ ही रैली में छत्रपति शिवाजी महाराज की जीवंत झांकी आकर्षण का केन्द्र रही। खारी में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद सभी ग्रामीणजन रैली के माध्यम से ग्राम खिर्री स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचे जहां विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रगतिशील कुनबी समाज के पदाधिकारियों ने मराठा साम्राज्य की नींव रखने वाले भारत के महान राजा छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवनगाथाओं पर प्रकाश डालते हुए उनके बताये मार्ग पर चलने की बात कही। साथ ही शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि सभी को अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा प्रदान करना चाहिए क्योंकि वे देश के भविष्य है और उन्हे हमारे महापुरूषों के बारे में भी बताये कि उन्होने हमारे देश व समाज के लिए क्या-क्या किया है ताकि वे भी समाजोत्थान व देशहित में बेहतर कार्य सके और हम सभी को भी संगठित होकर समाजोत्थान के क्षेत्र में बेहतर काम करना चाहिए।