तीसरे टी-20 में बने 10 बड़े रिकॉर्ड:सूर्या ने 6 महीने में जड़ दिए 3 शतक, पिछली 11 सीरीज से अजेय है भारत

0

भारत ने श्रीलंका के खिलाफ राजकोट में तीसरा टी-20 मैच 91 रन से जीतकर सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। साल की पहली टी-20 सीरीज के आखिरी मैच में 10 बड़े रिकॉर्ड्स बने। इनमें श्रीलंका के कप्तान दसुन शनाका का भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के मारने वाला खिलाड़ी बनना, युजवेंद्र चहल का भारत के लिए टॉप विकेट टेकर बनना और सूर्यकुमार यादव का 6 महीने के अंदर तीसरा टी-20 शतक जमाना शामिल है। हम सभी 10 रिकॉर्ड को एक-एक जानेंगे।

1. सबसे पहले युजवेंद्र चहल का रिकॉर्ड
भारत के युजवेंद्र चहल ने तीसरे मैच में 2 विकेट हासिल किए। इसके साथ ही टी-20 इंटरनेशनल में उनके 90 विकेट पूरे हो गए। उन्होंने भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भुवनेश्वर कुमार की बराबरी कर ली। चहल ने 74 मैचों में 90 विकेट लिए। भुवी ने 87 टी-20 इंटरनेशनल मैचों में भारत के लिए 90 विकेट लिए हैं। इन दोनों के बाद रविचंद्रन अश्विन ने 65 मैचों में 72 विकेट लिए हैं। चहल ने 3 ओवर में 30 रन पर 2 विकेट के साथ अपना स्पेल खत्म किया।

2. शनाका बने भारत के खिलाफ सिक्सर किंग
श्रीलंका के कप्तान दसुन शनाका ने सीरीज के तीनों मैचों में ताबड़तोड़ बैटिंग की। आखिरी मैच में उन्होंने 2 छक्कों के साथ 17 बॉल पर 23 रन बनाए। दूसरा छक्का लगाते ही टी-20 इंटरनेशनल में भारत के खिलाफ उनके 22 मैचों में 29 छक्के पूरे हो गए। वह भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा टी-20 छक्के लगाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में टॉप पर पहुंच गए।

शनाका के बाद वेस्टइंडीज के एविन लुईस ने 9 मैच और ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल ने 19 मैच में 28-28 छक्के लगाए हैं। वेस्टइंडीज के ही कायरन पोलार्ड ने भारत के खिलाफ 17 टी-20 में 27 छक्के जड़े हैं।

3. श्रीलंका के खिलाफ दूसरी सबसे बड़ी जीत
भारत ने श्रीलंका को 91 रन से हराया। यह श्रीलंका के खिलाफ टीम इंडिया की दूसरी सबसे बड़ी जीत है। हमने इससे पहले 20 दिसंबर 2017 को श्रीलंका के खिलाफ 93 रन से मैच जीता था। भारत की ओवरऑल सबसे बड़ी जीत आयरलैंड के खिलाफ आई थी। टीम ने जून 2018 में उन्हें 143 रन से हराया था। श्रीलंका को सबसे बड़े अंतर से ऑस्ट्रेलिया ने हराया है। कंगारुओं ने उन्हें अक्टूबर 2019 में 134 रन से हराया था।

4. लगातार 12 होम टी-20 सीरीज से अजेय है भारत
भारत ने श्रीलंका के खिलाफ घर में लगातार 5वीं टी-20 सीरीज जीती। इसके साथ ही टीम इंडिया घर में पिछली 12 टी-20 सीरीज से अजेय है। इस दौरान टीम ने 10 सीरीज जीतीं और 2 ड्रॉ कराईं। भारत को आखिरी बार फरवरी 2019 में ऑस्ट्रेलिया ने 2-0 से टी-20 सीरीज हराई थी।

देश-विदेश में भारत पिछली 11 सीरीज से अजेय है। इनमें 10 हमने जीतीं और एक ड्रॉ रही। टीम को आखिरी बार श्रीलंका ने जुलाई 2021 में 2-1 से हराया था। यह सीरीज श्रीलंका में खेली गई थी। इसे मिलाकर भारत पिछली 20 टी-20 सीरीज में से 17 जीत चुका है, 2 ड्रॉ रहीं और एक ही में हार मिली।

5. पंड्या की कप्तानी में लगातार तीसरी सीरीज जीते
इस जीत के साथ भारत ने लगातार 7वीं टी-20 सीरीज जीती है। जून 2022 में भारत ने आखिरी बार साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2-2 से टी-20 सीरीज ड्रॉ खेली थी। इससे पहले 2017-18 और 2019-21 के दौरान भारत ने लगातार 6 टी-20 सीरीज जीती थी। इस बार के रिकॉर्ड में हार्दिक पंड्या की कप्तानी में 2 सीरीज जीत आईं।

ओवरऑल हार्दिक की कप्तानी में भारत ने लगातार तीसरी टी-20 सीरीज जीती। हार्दिक ने पहली बार जून 2022 में आयरलैंड के खिलाफ 3 टी-20 की सीरीज में भारत की कप्तानी की थी। यह सीरीज हमने 3-0 से जीती। टी-20 वर्ल्ड कप के बाद न्यूजीलैंड में भी हार्दिक ने कप्तानी की थी। यह सीरीज हमने 1-0 से जीती। अब श्रीलंका के खिलाफ भी 3 मैचों की सीरीज में हार्दिक ने कप्तानी की। सीरीज 2-1 से जीती।

6. श्रीलंका को 19वां टी-20 हराया
आखिरी मैच में जीत के साथ भारत ने श्रीलंका को 19वीं बार टी-20 में हराया। इसके साथ ही टीम इंडिया ने किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा जीत का रिकॉर्ड बनाया। इस दौरान हमें 9 मैचों में हार मिली और एक मैच बेनतीजा रहा। भारत के बाद इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 18 टी-20 हराए हैं। वहीं, पाकिस्तान ने भी न्यूजीलैंड को 18 मैच हराए हैं। भारत ने वेस्टइंडीज को 17 बार हराया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here