दिल्ली में वीकेंड पर कर्फ्यू लागू, केजरीवाल सरकार का बड़ा फैसला

0

नई दिल्ली : कोरोना के बढ़ते खतरे से देश की राजधानी दिल्ली को बचाने के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को बड़ा फैसला किया। दिल्ली में वीकेंड पर (शनिवार, रविवार) कर्फ्यू लागू होगा। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि राजधानी में कोरोना के बढ़ते मामलों पर रोक लगाने के लिए कुछ सख्त कदम उठाने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से वीकेंड पर नियमों का पालन करने की अपील की है। वीकेंड पर शादी समारोह के लिए पास जारी किया जाएगा। 

केजरीवाल की पीसी की मुख्य बातें

  1. लोग गंभीर रूप से बीमार हो तो उसे दिल्ली में बेड मिलना चाहिए।
  2. लोग इस बात पर जोर न दें कि उन्हें किसी खास अस्पताल में जाना है।
  3. दिल्ली में अभी बेड्स की कमी नहीं। राजधानी में बेड्स बढ़ाए जा रहे हैं।
  4. कोरोना संक्रमण पर रोक लगाने के लिए वीकेंड पर कर्फ्यू लगाया जाएगा।
  5. वीकेंड पर लोग अपने मनोरंजन के लिए भी बाहर निकलते हैं इस पर रोक लगाई जा सकती है।
  6. सिनेमा हॉल 30 प्रतिशत कैपिसिटी के साथ चलेंगे। 
  7. दिल्ली में अभी 5000 से ज्यादा बेड्स उपलब्ध हैं।
  8. हम दिल्ली के अस्पतालों में ऑक्सीजन बेड्स और बढ़ा रहे हैं।
  9. वीकेंड कर्फ्यू में जरूरी सेवाएं प्रभावित नहीं होंगी।
  10. वीकेंड कर्फ्यू से शादी कार्यक्रम प्रभावित नहीं होंगे, इसके लिए पास जारी होगा।

राजधानी में तेजी से फैल रही महामारी  
राजधानी दिल्ली पिछले कुछ दिनों में तेजी से कोरोना की चपेट में आई है। गत बुधवार को पिछले 24 घंटे में कोरोना के 17282 नए केस मिले और 104 लोगों की मौत हुई। राज्य में कोरोना संक्रमण की रफ्तार का पता इस बात से चलता है कि संक्रमण फैलने की पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 15.92 फीसदी हो गई है। इसके पहले यह दर गत 15 नवंबर को 15.33 प्रतिशत दर्ज की गई थी। एम्स के एक डॉक्टर का कहना है कि कोरोना के मामले यदि इसी गति से बढ़ते रहे तो शहर का चिकित्सा ढांचा चरमरा जाएगा। डॉक्टर ने कहा, ‘राजधानी के ज्यादातर बड़े अस्पतालों में आईसीयू बेड्स उपलब्ध नहीं हैं। महामारी के कम होने के भी कोई संकेत नहीं मिल रहे हैं।’

होटलों को कोविड अस्पताल में बदला
दिल्ली में अभी एक्टिव केस की संख्या 50,736 है जिनमें से करीब 24,155 (50%) मरीज होम आइसोलेशन में हैं। राज्य में कोरोना के बिगड़ते हालात को देखते हुए दिल्ली सरकार ने बुधवार को करीब 15 होटलों को निजी अस्पतालों से जोड़ते हुए उन्हें ‘कोविड अस्पताल’ बनाया है। इन होटलों को अस्पताल में बदलने से करीब 3000 बेड्स की व्यवस्था हुई है। इसके अलावा दिल्ली सरकार ने यमुना स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स, एक स्कूल और कई बैंक्वेट हॉल्स को अस्थाई कोविड अस्पताल में बदलने का आदेश दिया है। इससे शहर में 1,100 कोविड बेड्स की अतिरिक्त उपलब्धता होगी।    

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here