क्या ट्रांसजेंडर्स भी ब्यूटी कॉन्टेस्ट में हिस्सा लेते हैं? जवाब है हां। दुनिया की पहली इंटरनेशनल ट्रांसजेंडर ब्यूटी क्वीन भारत की ही हैं। नाम है नाज जोशी। नाज 7 इंटरनेशनल और 2 नेशनल ब्यूटी कॉन्टेस्ट जीत चुकी हैं। मॉडल हैं, ट्रांसजेंडर फैशन आइकॉन भी हैं और एक फिल्म में भी भूमिका निभा चुकी हैं।
मगर, यहां तक का नाज का सफर सिहरन पैदा करने वाला था। जब ये पैदा हुईं तो माता-पिता ने खुशियां मनाई कि घर में बेटा हुआ है। ये खुशियां ज्यादा दिन नहीं टिक सकीं। जैसे-जैसे बड़ी हुईं, आदतें और शरीर दोनों लड़कियों से होते गए। फिर शुरू हुआ ताने और जिल्लत का दौर। जिसे बेटा समझ रहे थे, दरअसल वो किन्नर था। घरवालों के सपने टूट गए और उसे अपने से अलग कर मुंबई में दूर के रिश्ते के एक मामा के घर भेज दिया।
मामा के यहां कजिन के दोस्तों ने शारीरिक शोषण किया। फिर अस्पताल में छोड़ दिया। वहां से कुछ किन्नर इन्हें अपने साथ ले गए। उन्होंने ताली बजाकर पैसे मांगने के काम में लगा दिया। वो उससे बचीं, तो डांस बार में नाचने का काम दिया। बार डांसर से धीरे-धीरे प्रॉस्टिट्यूशन में आ गईं। फिर, फैशन डिजाइन का कोर्स करके ऋतु कुमार और ऋतु बैरी के साथ काम भी किय।
फिर, सेक्स चेंज कराने की सोची तो पैसे की दिक्कत आई। इसके लिए मसाज पार्लर में नौकरी की लेकिन यहां भी मिला प्रॉस्टिट्यूशन। काफी जद्दोजहद के बाद ऑपरेशन हो सका। किन्नर से लड़की बनीं। ये जिंदगी बदल देने वाला समय था। सेक्स चेंज के बाद 2012 से अब तक 7 इंटरनेशनल और 2 नेशनल ब्यूटी कॉन्टेस्ट जीते हैं। अब ये फैशन शोज की शो स्टॉपर भी हैं, मैगजींस की कवर फोटो में भी।