राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने शनिवार को पहली बार मॉस्को में जार शासकों के लिए बने चर्च में क्रिसमस मनाया। इससे पहले पुतिन हमेशा क्रिसमस मनाने के लिए रूस के दूसरे राज्यों में ही जाते थे। इसके पीछे यूक्रेन की जंग बड़ी वजह बताई जा रही है।
रूसी क्रिसमस के दिन पुतिन ने वहां के ऑर्थोडॉक्स चर्च की तारीफ की। उन्होंने यूक्रेन जंग में रूसी सैनिकों का साथ देने के लिए चर्च को धन्यवाद भी दिया। अपने मैसेज में उन्होंने कहा कि समाज को एकजुट रखने, हमारे ऐतिहासिक यादों को जिंदा रखने के लिए हम रूसी चर्च के शुक्रगुजार हैं।
पादरियों के साथ अकेले खड़े नजर आए पुतिन
पुतिन ने कहा यूक्रेन में चल रहे स्पेशल मिलिट्री ऑपरेशन में चर्च हमारे योद्धाओं का साथ दे रहा है। इस तरह का स्वार्थ रहित काम सम्मान के काबिल है। रूस के स्टेट मीडिया ने पुतिन के क्रिसमस मनाते हुए कुछ वीडियो शेयर किए हैं। इनमें पुतिन रूस के ऑर्थोडॉक्स चर्च में पादरियों के साथ अकेले खड़े हुए दिखाई दे रहे हैं।