अमेरिका में पांच साल से कम उम्र के बच्चों को कोरोना रोधी टीके देने की संभावना के बीच लाखों खुराकों की आपूर्ति का आदेश दिया गया है। व्हाइट हाउस के अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। सरकार ने पिछले सप्ताह दवा दुकानों और राज्यों को टीके के लिए आर्डर देने की अनुमति दे दी थी। बाइडन प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि शुरुआत में 50 लाख खुराकें उपलब्ध होगी। इसमें से आधी खुराकें फाइजर तैयार करेगी और बाकी मॉर्डना आपूर्ति करेगी। इस सप्ताह तक फाइजर की 25 लाख उपलब्ध खुराकों में से 14.5 लाख खुराकों और मॉडर्ना की 8.50 लाख खुराकों के लिए आर्डर दिया गया। आगामी दिनों में और आपूर्ति के आदेश दिए जाएंगे।
अमेरिका में बच्चों को छोड़कर शेष सभी आयु वर्ग के लिए टीकाकरण की मंजूरी दी जा चुकी है। अगर सरकार एक या दोनों खुराकें देने की अनुमति देती है तब देश में पांच साल से कम उम्र के लगभग दो करोड़ बच्चे टीकाकरण के योग्य हो जाएंगे। अभी यह स्पष्ट नहीं है, कि बच्चों को कब से खुराक दी जाएगी। हाल में एक सर्वेक्षण से संकेत मिला कि पांच में से केवल एक अभिभावक अपने बच्चों का टीकाकरण कराएंगे।