बालाघाट : मप्र कर्मचारी कांग्रेस के 2 जिला अध्यक्ष ? वर्तमान अध्यक्ष ने जताया ऐतराज, नियुक्ति पर खड़े किए सवाल, भारतीय मजदूर संघ के विभाग प्रमुख पर विवाद फैलाने का आरोप !

0


बालाघाट (पद्मेश न्यूज)। मध्य प्रदेश कर्मचारी कांग्रेस के जिला अध्यक्ष पद को लेकर वर्तमान में विवाद की स्थिति बनते जा रही है जहां एक और पीजी कॉलेज में पदस्थ लिपिक नवल किशोर दमाहे को संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष विनोद कुमार अवस्थी  आदेश जारी कर जिला अध्यक्ष मनोनीत कर दिया गया है वहीं वर्तमान अध्यक्ष सजल मस्की इस नियुक्ति पर सवाल खड़े किए हैं यहां तक कि उन्होंने संगठन में विवाद की स्थिति पैदा करने का आरोप भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारी राजेश वर्मा पर लगाया है। गौरतलब है कि मध्य प्रदेश कर्मचारी कांग्रेस के जिला अध्यक्ष के तौर पर सजल मस्की काफी महीनों से काबिज है और उनके द्वारा इस संगठन को आगे बढ़ाने और कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर लगातार आंदोलन प्रदर्शन कर उन्हें हक दिलाया गया है वही पीजी कॉलेज में पदस्थ लिपिक नवल किशोर दमाहे भी कर्मचारी संगठन से जुड़े हुए हैं और इनके द्वारा लिपिक वर्ग कर्मचारी संगठन के साथ-साथ श्रमिक संगठन के अध्यक्ष पद का भी प्रभार संभाला गया है लेकिन जिला अध्यक्ष पद को लेकर इन दोनों पदाधिकारियों के द्वारा अपने अलग-अलग तर्क दिए जा रहे हैं। इन हालातों में वर्तमान में यह पैच आ गया है कि वर्तमान में मध्य प्रदेश कर्मचारी कांग्रेस के जिला अध्यक्ष का असली दावेदार आखिर कौन है।
दोनों जिला अध्यक्ष पदस्थापना को बता रहे जायज

मध्य प्रदेश कर्मचारी कांग्रेस के दोनों जिला  अध्यक्ष अपनी पदस्थापना को जायज ठहरा रहे हैं जहां एक ओर मनोनीत जिला अध्यक्ष श्री दमाहे का कहना है कि उनकी नियुक्ति पूरी तरह से सही है क्योंकि उनकी नियुक्ति संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष विनोद कुमार अवस्थी के द्वारा की गई है जो कि वर्तमान में संगठन के वैध पदाधिकारी हैं जबकि संगठन के जिला अध्यक्ष सजल मस्की के द्वारा स्पष्ट तौर पर कहा गया है कि जिस प्रांतीय अध्यक्ष के द्वारा जिला अध्यक्ष को नियुक्त किए जाने के आदेश जारी किए गए हैं उन्हें पूर्व में ही संगठन से निष्कासित किया जा चुका है और उनकी प्राथमिक सदस्यता भी समाप्त कर दी गई है।
प्रक्रिया विहीन तरीके से मनोनीत किया गया जिलाध्यक्ष – सजल मस्की
इस संदर्भ में पद्मेश न्यूज़ से चर्चा के दौरान मध्य प्रदेश कर्मचारी कांग्रेस के वर्तमान जिला अध्यक्ष श्री मस्की ने कहा कि जिला अध्यक्ष को लेकर जो आदेश प्रांतीय अध्यक्ष श्री अवस्थी के द्वारा जारी किए गए हैं उस पर संशय की स्थिति है क्योंकि उन्हें संगठन से पहले ही निष्कासित कर दिया गया है उनकी सदस्यता रद्द करने के बाद उनके द्वारा कोरोना काल में उनके द्वारा मोबाइल के गूगल ऐप में बैठक करके कथित प्रकार से भ्रामक तौर पर स्वयंभू प्रांत अध्यक्ष बना दिया गया है इस विवाद को खत्म करने के लिए 12 सितंबर को प्रांतीय कार्यालय भोपाल में विधिवत शासन के निर्देशों के तहत निर्वाचन की कार्यवाही निर्वाचन अधिकारी के द्वारा की गई और सुनील ठाकरे को मध्यप्रदेश कर्मचारी कांग्रेस का प्रांत अध्यक्ष बनाया गया वही विरेंद्र खोंगल को प्रदेश संरक्षक बनाया गया है जो कि नियमानुसार है उन्होंने कहा कि व्हाट्सएप के माध्यम से उन्हें यह जानकारी लगी है कि निष्कासित पदाधिकारी श्री अवस्थी के द्वारा आदेश जारी करते हुए जिला अध्यक्ष की कमान पीजी कॉलेज के लिपिक नवल किशोर दमाहे को सौंपी पर गई। उन्होंने कहा कि संगठन में विवाद की स्थिति भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारी राजेश वर्मा के द्वारा पैदा की जा रही है उन्होंने कहा कि संगठन पदाधिकारी को अपने संगठन के विकास पर ध्यान देना चाहिए ना कि दूसरे संगठन मैं विवाद की स्थिति पैदा कर भ्रामक जानकारियां फैलाना। उन्होंने कहा कि भारतीय मजदूर संघ पदाधिकारी श्री वर्मा के द्वारा तमाम संगठन में उन्हीं का हस्तक्षेप रहता है इस कार्यवाही में भी राजेश वर्मा का पूर्ण योगदान है हमारे कई साथियों को जिलाध्यक्ष बनने के लिए अवस्थी के साथ व्यक्तिगत संबंध होने के नाते ऑफर दिया गया था लेकिन उन्होंने इस ऑफर को लेने से इनकार कर दिया लेकिन नवल दमाहे ने इस मौके को जाने नहीं दिया है लेकिन निष्कासित पदाधिकारी के द्वारा दी गई नियुक्ति अनुचित है उन्होंने कहा कि  28 सितंबर को संयुक्त मोर्चे का आंदोलन प्रस्तावित है जिसको देखते हुए भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारी द्वारा यह कार्य किया गया है उन्हें जिला अध्यक्ष का प्रभार वैधानिक तौर पर निर्वाचन प्रक्रिया के माध्यम से सौंपा गया है।
जो जिम्मेदारी मिली है उसका करेंगे निर्वहन – नवल किशोर दमाहे
वही इस संदर्भ में मध्यप्रदेश कर्मचारी कांग्रेस के मनोनीत जिला अध्यक्ष नवल किशोर दमाहै ने कहा कि उन्हें जो आदेश मिले हैं जिसमें मध्य प्रदेश कर्मचारी कांग्रेस के प्रांतीय मंत्री विनोद कुमार अवस्थी के द्वारा उन्हें मध्य प्रदेश कर्मचारी कांग्रेस का जिला अध्यक्ष मनोनीत किया गया है उसकी सूचना उन्होंने प्रशासन को दे दी है उन्होंने कहा कि यदि मुझे जिला अध्यक्ष बनाया गया है तो इसके लिए पूर्व जिला अध्यक्ष को खुश होना चाहिए ना कि इस मामले को बेवजह तूल देना चाहिए उन्होंने कहा कि जब संगठन के जिला अध्यक्ष श्री मस्की बनाए गए थे तो हमने सहर्ष उन्हें स्वीकार किया था यदि किसी भी प्रकार की समस्या तो वह मुझसे आकर मिल सकते हैं। उन्होंने बताया कि सूत्रों द्वारा हमें जानकारी मिली है कि जो भूतपूर्व अध्यक्ष श्री खो गए थे उनके कार्यालय को सील कर उन्हें पद से हटा दिया गया है और इसके बाद श्री अवस्थी को प्रांतीय मंत्री बनाया गया है।
मध्य प्रदेश कर्मचारी कांग्रेस से उनका कोई लेना-देना नहीं -राजेश वर्मा
वही इस संदर्भ में दूरभाष पर चर्चा के दौरान भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारी राजेश वर्मा ने कहा कि मध्य प्रदेश कर्मचारी कांग्रेस में पदाधिकारियों की नियुक्ति से उनका किसी प्रकार से लेना देना नहीं है और उन पर जो आरोप लगाए जा रहे हैं वे निराधार है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here