महिलाओं को नौकरी देने में TCS अव्वल:500 मूल्यवान कंपनियों के बोर्ड में 16% डायरेक्टर्स महिलाएं, रिलायंस देश की सबसे मूल्यवान कंपनी

0

हुरुन इंडिया की देश की सबसे मूल्यवान 500 कंपनियों की लिस्ट में टॉप 10 महिला नियोक्ताओं में भारत की सबसे बड़ी आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने पहला स्थान हासिल किया है। कंपनी में करीब 35% यानी 2.1 लाख महिला कर्मचारी हैं। लिस्ट में शामिल 500 में से 410 कंपनियों ने अपने बोर्ड में महिलाओं को प्रतिनिधित्व दिया है।

इन कंपनियों ने पिछले एक साल में 3.9 लाख नई नौकरियां दी हैं। इनमें पहले से ही 11.6 लाख महिलाएं काम कर रही हैं। आईटी प्रमुख इंफोसिस में 1,24,498 महिलाएं काम करती हैं। विप्रो में 88,946 और एचसीएल टेक्नोलॉजीस में 62,780 महिलाएं कार्यरत हैं। इन कंपनियों में 40%, 36%, और 28% महिला कर्मचारी कार्यरत हैं।

देश की सबसे मूल्यवान लिस्टेड कंपनी रिलायंस
मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड 17.25 लाख करोड़ रुपए वैल्यू के साथ देश की सबसे मूल्यवान लिस्टेड कंपनी के रूप में उभरी है। TCS देश की दूसरी और HDFC बैंक भारत की तीसरी सबसे मूल्यवान लिस्टेड कंपनी है। गौतम अडाणी की दो कंपनियां अडाणी टोटल गैस और अडाणी एंटरप्राइजेस इस लिस्ट में है।

सरकारी कंपनियों में SBI पहले नंबर पर
सरकारी कंपनियों की बात करें तो स्टेट बैंक ऑफ इंडिया सर्वाधिक 14% ग्रोथ के साथ रैंकिंग में पहले स्थान पर रहा है। इसके साथ ही पॉलिसी बाजार, पेटीएम, जोमैटो और नाइका जैसे स्टार्टअप के मूल्यांकन में भी तगड़ी गिरावट आई है। वैक्सीन निर्माता कंपनी सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया सूची में 2.19 लाख करोड़ रुपए के मार्केट कैप के साथ देश की सबसे मूल्यवान अनलिस्टेड कंपनी है।

664 महिलाएं बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में शामिल
500 सबसे मूल्यवान कंपनियों में महिलाओं काे निदेशक मंडल में 16% स्थान मिला है। इन कंपनियों में 664 महिलाओं को बतौर डायरेक्टर शामिल किया है। अपोलो हॉस्पिटल एंटरप्राइजेस ने सबसे ज्यादा 6 महिलाओं को बोर्ड में जगह दी है जबकि गोदरेज कंज्यूमर्स, पीरामल और इंडिया सीमेंट्स ने 5-5 महिला डायरेक्टर्स नियुक्त किए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here